शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एनएच-46 पर चाइल्ड जोन स्कूल के पास एक कार अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय कार में करीब 11 लोग सवार थे, जो कोलारस से निहाल देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों ने बताया कि कार कोलारस से निहाल देवी की ओर जा रही थी। चाइल्ड जोन स्कूल के पास अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को बाहर निकालकर कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल संदीप पुत्र मुन्ना कुशवाह (18) निवासी कोलारस और बृजेश पुत्र उमेश कुशवाह (18) निवासी कोलारस को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वहीं दीपेश पुत्र कलुआ लोधी (21) निवासी कोलारस और मयंक पुत्र माधो कुशवाह (27) निवासी कोलारस को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया गया।
घायल दीपेश लोधी ने बताया कि सभी लोग निहाल देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक गाय सामने आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में कार पलट गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि सभी यात्रियों की जान बच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ