शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर मनिखेड़ा गांव के पास रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के शिवपुरा तहसील निवासी 35 वर्षीय चतुर्भुज गुर्जर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चतुर्भुज गुर्जर सीमेंट से भरा ट्रक लेकर शिवपुरी की ओर आ रहा था। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे मनिखेड़ा गांव के पास ट्रक के ब्रेक में खराबी आने पर उसने वाहन सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद वह ट्रक के पीछे जाकर ब्रेक की जांच कर रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए दूसरे ट्रक ने उसके ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चतुर्भुज उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया। वहीं पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक का स्टाफ भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है, जिनका उपचार जारी है।
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ