शिवपुरी। राष्ट्रभक्त सवर्ण समाज संगठन ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर नीट परीक्षा में कथित धांधली की निष्पक्ष जांच कराने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा लेने, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की मांग उठाई।
संगठन के मुख्य जिला संयोजक शत्रुघ्न सिंह तोमर ने बताया कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं से लाखों मेधावी विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन शुरू से ही छात्रों के हितों की आवाज उठाता रहा है और प्रभावित विद्यार्थियों के साथ खड़ा है। उनका कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने में हुई कथित विफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
शत्रुघ्न सिंह तोमर ने कहा कि हाल के समय में पत्रकारों के साथ अभद्रता और दुर्व्यवहार की घटनाएं बढ़ी हैं, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला हैं। संगठन ने मांग की है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए और उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन छात्रों और आम जनता के अधिकारों की हर लोकतांत्रिक लड़ाई का समर्थन करता है, लेकिन किसी भी आंदोलन की आड़ में जातिवादी टिप्पणी, सामाजिक वैमनस्य या नफरत फैलाने वाली बयानबाजी का विरोध करता है। संगठन ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि समाज में भाईचारा और आपसी सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री से मांग की गई है कि नीट परीक्षा मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा देश के विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
0 टिप्पणियाँ