कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित अंतर-विभागीय समन्वय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, दस्तक अभियान, समय-सीमा के प्रकरणों तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने विशेष रूप से दस्तक अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि अभियान का प्रत्येक चरण पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में डायरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ओआरएस, जिंक, आवश्यक दवाइयों और अन्य चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग करने और प्रत्येक गतिविधि का समय पर सत्यापन करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जिले में 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पाँच वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। बच्चों में डायरिया, कुपोषण, एनीमिया और अन्य गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर स्थिति वाले बच्चों को तत्काल उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक पात्र परिवार को ओआरएस पैकेट, जिंक की गोलियां, आयरन सिरप तथा निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान केवल दवा वितरण तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक परिवार को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की आदत और दस्त होने पर ओआरएस एवं जिंक के सही उपयोग के बारे में भी जागरूक किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अभियान की सभी गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।बैठक में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा की और सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों एवं समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी बनाए रखें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, एडीएम दिनेश शुक्ला सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे

0 टिप्पणियाँ