शिवपुरी जिले के कोलारस थाना अंतर्गत लुकवासा चौकी क्षेत्र के रामपुरी गांव में 23 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर एक नर्सरी में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रामपुरी निवासी मर्दन सिंह आदिवासी (23) का शुक्रवार रात अपनी पत्नी से चरित्र शंका को लेकर विवाद हो गया था। मृतक के पिता गोविंद सिंह आदिवासी का आरोप है कि शनिवार सुबह बहू ने अपने मायके वालों को बुला लिया। इसके बाद उसके मायके पक्ष के लोगों ने मर्दन के साथ मारपीट की और उसकी पत्नी को अपने साथ ले गए।
परिजनों के मुताबिक, इसके बाद ससुराल पक्ष और मर्दन की पत्नी लुकवासा पुलिस चौकी पहुंचे, जहां बाद में पुलिस ने मर्दन को भी बुलाया। पिता का आरोप है कि चौकी में भी उसके बेटे के साथ मारपीट की गई। हालांकि शाम को वह घर लौट आया और आराम करने के बाद रविवार सुबह घर से निकल गया। कुछ देर बाद गांव के बाहर नर्सरी में उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
इधर, लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा ने बताया कि शनिवार को दोनों पक्ष चौकी पहुंचे थे, जहां आपसी सहमति से राजीनामा हो गया था। इसके बाद मृतक की पत्नी अपने मायके वालों के साथ चली गई, जबकि उनका तीन वर्षीय बेटा मर्दन अपने साथ घर ले गया था। रविवार सुबह मर्दन द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ