भोपाल मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे प्रदेश में 'सेवा-संकल्प अभियान' का भव्य आयोजन किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को पीएम मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन के महाकाल महालोक समेत प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में एक साथ शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन ('आशीर्वाद का दीया') से होगी। सरकार की योजना इस अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन का नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि इस अभियान को ग्राम और नगर स्तर पर जनसहभागिता के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाए। बैठक में संभागायुक्त, कलेक्टर्स और मंत्रिमंडल के सदस्य वर्चुअली शामिल हुए।
सेवा-संकल्प अभियान: प्रमुख कार्यक्रम और उनके राज्य प्रभारी
1. आशीर्वाद का दीया व रक्तदान शिविर (17 सितम्बर)
- गतिविधि: महाकाल महालोक सहित सभी वार्डों व ग्राम पंचायतों में शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन। सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर।
- प्रभारी: कैलाश विजयवर्गीय (नगरीय विकास एवं आवास मंत्री)
2. मेरे सपनों का भारत (19 सितम्बर - 5 अक्टूबर)
- गतिविधि: स्कूल व कॉलेजों में जिला (19-26 सितम्बर) और राज्य स्तर (4-5 अक्टूबर) पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं।
- प्रभारी: राव उदय प्रताप सिंह (स्कूल शिक्षा मंत्री)
3. नमो सेवा-अनकही कहानियां (19 सितम्बर - 5 अक्टूबर)
- गतिविधि: सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन।
- प्रभारी: धर्मेन्द्र सिंह लोधी (संस्कृति मंत्री)
4. आंगन मिलन सेवा (26 सितम्बर - 5 अक्टूबर)
- गतिविधि: आंगनवाड़ियों में बच्चों व माताओं के लिए स्वल्पाहार, पठन-खेल सामग्री और स्वास्थ्य-पोषण व एनीमिया की जानकारी।
- प्रभारी: निर्मला भूरिया (महिला एवं बाल विकास मंत्री)
5. सेवा मेरा योगदान व सेवा सेतु अभियान (2 - 10 अक्टूबर)
- गतिविधि: ब्लॉक और ज़ोन स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ देना और समाज कल्याण कार्य।
- प्रभारी: राजेन्द्र शुक्ल (उप मुख्यमंत्री) एवं राकेश सिंह (लोक निर्माण मंत्री)
6. सेवा के रंग-राष्ट्र के संग (9 - 10 अक्टूबर)
- गतिविधि: जबलपुर (राज्य स्तरीय), भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में विशाल 'ह्यूमन रंगोली' का निर्माण।
- प्रभारी: नागर सिंह चौहान (अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री)
7. सेवा ज्योति कलश यात्रा व अन्य आयोजन (7 - 17 अक्टूबर)
- गतिविधि: 7 अक्टूबर को हर विधानसभा क्षेत्र में कलश यात्रा। 12 अक्टूबर को 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज' और 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर 'सुशासन सेवा संवाद' (पंच-सरपंचों की सहभागिता)।
- प्रभारी: विश्वास सारंग, राकेश शुक्ला एवं प्रहलाद पटेल
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ब्लॉक और ज़ोन वार मेगा शिविरों की तैयारी दुरुस्त रखने तथा प्रतिभागियों के भोजन व आवागमन की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए। मुरैना एनआईसी कक्ष से जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव समेत वरिष्ठ अधिकारी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
0 टिप्पणियाँ