भोपाल। सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, महेंद्र सिंह सोलंकी, रोडमल नागर और उदय प्रताप सिंह की फर्जी नोट शीट बनाकर सीएम ऑफिस भेजने वाला गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि फर्जीवाड़ा करने वाला व्यक्ति कोई जालसाज नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी का नेता और सांसद रोडमल नागर का सांसद प्रतिनिधि है। दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी नोटशीट बनाकर 5 सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर की अनुशंसा की थी।
क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर घनश्याम दांगी ने बताया, गिरफ्तार किए गए लालसिंह राजपूत और कमल प्रजापति दोनों शाजापुर जिले के निवासी हैं और लाल सिंह राजपूत, सांसद रोडमल नागर का प्रतिनिधि है। स्थानीय भाजपा नेता है। लाल सिंह की पत्नी सरपंच है। दूसरा आरोपी कमल प्रजापति कंप्यूटर ऑपरेटर है जो लाल सिंह राजपूत के लिए फर्जी लेटर हेड बनाने का काम करता था। लाल सिंह राजपूत ने 5 कर्मचारियों के ट्रांसफर की अनुशंसा की थी इनमें तीन अधिकारी शिक्षा विभाग के हैं, जबकि दो राजस्व विभाग के हैं। जिसमें 4 सांसदों के फर्जी लेटर हेड लगाए थे।
0 टिप्पणियाँ