जिले के रमपुरा अछरोनी में एक युवक अपनी पत्नी को बिना बताए पार्टी मनाने चला गया और जब वह लौट कर घर पहुंचा तो पत्नी से झगड़ा करने लगा और उस पर केरोसिन डाल कर उसे जिंदा जला दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के बयानों के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
जलाकर मायके वालों को कर दिया था फोन
पुलिस के अनुसार खनियांधाना थाना क्षेत्र के रमपुरा अछरोनी गावं निवासी कुलवंत सिंह गांव का आरएमपी डॉक्टर है। वह शनिवार की रात पत्नी को बिना बताए पार्टी में रुक गया और खाना खाकर घर लौटा। इसी बात पर उसकी पत्नी भारती (25) व उसके बीच विवाद हो गया। इसी के चलते कुलवंत ने पत्नी पर कैरोसिन डालकर उसे आग लगा दी।
पीड़िता के अनुसार इस जघन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देते समय उसकी सास बती बाई, देवर अविनाश, देवरानी सावित्री ने भी कुलवंत का बराबर से सहयोग किया। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसके मायके फोन कर दिया कि भारती मर चुकी है, इसे ले जाओ।
इस सूचना के बाद भारती के मायके वाले बेटी की ससुराल आए। वहीं भारती अपनी जान बचाने के लिए दौड़ती हुई घर के बाहर भागी तो वह सड़क पर अपने परिजनों को मिली। वह उसे अस्पताल ले गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के बयानों के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अविनाश को गिरफ्तार कर लिया है। भारती की हालत गंभीर बनी हुई है।
उपनिरीक्षक केपी शर्मा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पार्टी में जाने, घर देर से आने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया है। महिला की हालत गंभीर है, उसके पीड़िता के आधार पर सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
0 टिप्पणियाँ