Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : पूरनखेड़ी के पास NH-46 पर बड़ा हादसा टला, आयशर कैंटर ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, तीन हिस्सों में बंटा ट्रैक्टर


शिवपुरी जिले की लुकवासा चौकी अंतर्गत पूरनखेड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अशोकनगर से बांस भरकर बीरखेड़ी जा रहा एक ट्रैक्टर सामने से आ रही आयशर कैंटर की टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर तीन हिस्सों में बंट गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर अशोकनगर से बांस लेकर बीरखेड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान शिवपुरी की ओर से आ रही मिर्च से भरी आयशर कैंटर, जो महाराष्ट्र की तरफ जा रही थी, ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर लदा बांस सड़क पर बिखर गया।

हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सड़क पर बांस फैल जाने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रास्ता साफ कराया गया।

बताया जा रहा है कि पूरनखेड़ी के पास नव निर्मित ब्रिज के निर्माण कार्य के चलते इस हिस्से में फिलहाल एकांकी मार्ग से यातायात संचालित किया जा रहा है। सड़क संकरी होने के कारण यहां लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन को एकांकी मार्ग को जल्द चौड़ा करना चाहिए। बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो भविष्य में गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ