शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र स्थित मदकपुरा कॉलोनी में बिजली के तार हटाने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक महिला को सड़क पर पटककर बेरहमी से पीटा गया। घटना का करीब चार मिनट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की पूरी वारदात कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार मदकपुरा कॉलोनी निवासी शिवानी कुशवाह और मिथलेश लोधी पड़ोसी हैं। दोनों के बीच पहले से ही कई बातों को लेकर विवाद होता रहा है। शनिवार दोपहर बिजली के तार हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान मिथलेश लोधी, उसके पति अमर लोधी और बेटे हजरत लोधी ने मिलकर शिवानी कुशवाह के साथ मारपीट की। वायरल सीसीटीवी फुटेज में महिला को सड़क पर गिराकर पीटते हुए देखा जा सकता है। घटना के दौरान आसपास के लोग भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
मामले की शिकायत मिलने पर देहात थाना पुलिस ने शिवानी कुशवाह की रिपोर्ट पर मिथलेश लोधी, अमर लोधी और हजरत लोधी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर मिथलेश लोधी की शिकायत पर शिवानी कुशवाह और उसके पति के खिलाफ भी क्रॉस केस दर्ज किया गया है।

0 टिप्पणियाँ