शिवपुरी।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के दिनारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिनदउआ में रविवार को तालाब में डूबने से दो सगे चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चे सुबह घर से भैंस चराने के लिए निकले थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों को कपड़े देख हुआ शक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिनदउआ गांव के रहने वाले 11 वर्षीय अनिकेत पाल और 12 वर्षीय शिवकुमार पाल रविवार सुबह रोज की तरह गांव के बाहर स्थित तालाब की तरफ भैंस चराने गए थे। जब दोपहर तक दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने बच्चों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पलें दिखाई दीं, जिससे परिजनों को उनके डूबने की आशंका हुई।
पुलिस और ग्रामीणों ने निकाले शव
तालाब किनारे कपड़े मिलने की सूचना तुरंत दिनारा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ ही समय की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शवों को तालाब की गहराई से बाहर निकाल लिया गया। शवों को देखते ही मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया।
नहाने के दौरान गहराई में जाने की आशंका
पुलिस का बयान। प्रारंभिक जांच और परिस्थितियों को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चे भैंस चराने के दौरान तालाब में नहाने या पानी के करीब गए होंगे। इसी दौरान पैर फिसलने या पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों बच्चे गहरे पानी में समा गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
मर्ग कायम, जांच जारी
दिनारा थाना पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे ने पूरे सिनदउआ गांव को झकझोर कर रख दिया है और हर आंख नम है।

0 टिप्पणियाँ