Top News - केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि आज उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। निवेश के माहौल की पहली प्राथमिकता है कि कानून व्यवस्था ठीक हो, अनुकूल औद्योगिक नीति बने, उद्योग को बढ़ावा और सुविधा दी जाए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज यहां इंडिया एक्सपोज़ सेंटर एंड मार्ट में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा प्रदेश है। यहां उद्योग के लिए अच्छा वातावरण है।
उन्होंने कहा कि एक जमाने में यूपी में माफियाओं का शासन चलता था। वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार यहां पर बनी, उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी से माफियाओं को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा इसी वजह से आज उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन बार प्रधानमंत्री बनकर नीतियों का निर्माण किया तथा नीतियों को जमीनी स्तर पर सही तरह से पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अनुभव के आधार पर नीतियों में जो बदलाव करने थे और जो नई नीतियां बनानी थीं, उसमें भी प्रधानमंत्री ने स्फूर्ति दिखाकर बनाया और भारत को पूरे विश्व में एक आकर्षक उत्पादन का हब बनाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि कुछ वक्रदृष्टि लोग भारत की जीडीपी के आंकड़ों को भी झुठलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने जीडीपी के 7.8% ग्रोथ को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में इतनी अशांति के माहौल के बीच में भी भारत ने सबसे ज्यादा विकास ग्रोथ प्राप्त किया है, अपनी विकास दर को बनाए रखा है और उसे आगे भी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि साल 2047 तक का विश्व में हर क्षेत्र में भारत के नंबर वन बनने का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि निर्यात में 2015 की तुलना में इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद के निर्यात में 11 गुना वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि छह राज्यों में 12 सेमीकंडक्टर की परियोजनाएं लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को फिर भी यह 'डेड इकॉनमी' लगती है। उन्होंने कहा कि जिनकी सोच 'डेड' हो गई हो, उनको प्रोग्रेस दिखाई नहीं देता है, उन्हें हर जगह 'डेड' ही 'डेड' दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के लोग भारत की उन्नति को नहीं देख सकते। उन्होंने कहा कि मॉरीशस, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, यूरोपियन कंट्री के चार देशों के संगठन, यूके, ओमान आदि के साथ हमने फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट पर समझौता किया है।

0 टिप्पणियाँ