कैंसर का नाम सुनते ही परिवार की कमर टूट जाती है, और इलाज का बिल आते-आते घर की जमा-पूंजी। ऐसे में जब 9 नवंबर 2026 से लागू प्रावधानों के तहत कैंसर की 137 गैर-अनुसूचित दवाओं के 1,364 फॉर्मुलेशन्स पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत तय कर MRP में 96.45 प्रतिशत तक की कमी का दावा किया जाता है, तो राहत की उम्मीद जगना स्वाभाविक है। लेकिन असली सवाल यह है कि यह कटौती मरीज के हाथ में आने वाले बिल तक पहुंच रही है या मेडिकल बाज़ार की मनमानी के बीच अटक रही है?
शुक्रवार को मध्यप्रदेश राज्य मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (MP PMRU) ने भोपाल के नवोदय कैंसर अस्पताल में जन-जागरूकता और मूल्य निगरानी अभियान चलाया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आर्थिक कठिनाई किसी नागरिक के उपचार में बाधा न बने और दवाओं की कमी का लाभ हर ज़रूरतमंद तक पहुंचे, इसके लिए निगरानी और जागरूकता ज़रूरी है। बयान अच्छे हैं, पर ज़मीनी हकीकत तब बदलेगी जब हर मेडिकल स्टोर और अस्पताल की फार्मेसी पर सख़्त पहरा दिखे।
सिर्फ़ जागरूकता काफ़ी नहीं, सख़्त निगरानी क्यों ज़रूरी है?
अभियान के दौरान 300 से अधिक मरीजों, परिजनों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और फार्मासिस्टों को संशोधित कीमतों और अधिकारों की जानकारी दी गई। अस्पताल की फार्मेसी का ऑडिट भी हुआ और दवाओं की MRP जांची गई।
लेकिन एक कड़वी सच्चाई यह है कि गंभीर बीमारी से जूझ रहा परिजन अक्सर पर्चा देखते ही सबसे पहले दवा उठाता है—उसे यह जांचने की फुर्सत या तकनीकी समझ नहीं होती कि काउंटर पर बैठा विक्रेता संशोधित MRP ले रहा है या पुराने रेट पर लूट चला रहा है। जब तक नियम तोड़ने वालों पर त्वरित और ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक केवल अभियानों से बाज़ार की आदत नहीं बदलेगी।
मरीज खुद बनें पहरेदार: कैसे जांचें सही दाम?
सरकार और नियामक संस्थाओं ने व्यवस्था तो दी है, लेकिन उसका इस्तेमाल मरीज और परिजन को ही करना होगा:
- दवा लेने से पहले जांचें: राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) के ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल एप या वेबसाइट www.nppa.gov.in पर दवा की निर्धारित कीमत देखें।
- बिल के बिना दवा न लें: हर खरीदी का पक्का बिल ज़रूर लें और संभाल कर रखें। बिना बिल की पर्ची या आधी-अधूरी रसीद कई गड़बड़ियों को छिपा लेती है।
- मिलान करें: काउंटर पर मांगी जा रही रकम का निर्धारित मूल्य से मिलान करें।
ज़्यादा वसूली हो तो चुप न बैठें, यहां करें शिकायत
यदि कोई मेडिकल स्टोर या फार्मेसी निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलती है, तो उसे नज़रअंदाज़ न करें। शिकायत दर्ज कराने के माध्यम यह हैं:
- पोर्टल: ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल
- NPPA टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1800-111-255
- MP PMRU हेल्पडेस्क: 0755-2665385
- ई-मेल: mp.pmru@gov.in
साहब _राहत फाइलों में नहीं, बिल में दिखनी चाहिए
भोपाल के जेपी अस्पताल, एम्स भोपाल, जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल और बंसल अस्पताल समेत प्रदेश के कई हिस्सों में ऐसे अभियान चल रहे हैं। यह कदम सही दिशा में है, लेकिन इसकी असली परीक्षा तब होगी जब किसी गरीब परिवार को कैंसर की दवा पर वाकई 96 प्रतिशत तक की राहत उसके मेडिकल बिल में दिखेगी। नीतियां कागज़ पर उदार हों और बाज़ार में बेरहम—यह स्थिति किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होनी चाहिए।

0 टिप्पणियाँ