भोपाल। अगर आप साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं और आपका पैसा वापस दिलाने या खाता खोलने में बैंक लापरवाही बरत रहा है, तो अब उसकी खैर नहीं। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में बैंकों की ढिलाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए मनीरेस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) और ग्रीवेंस रिड्रेसल मॉड्यूल (GRM)
की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा है कि पीड़ितों को राहत देने और शिकायतों के निपटारे में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इंदौर के बैंक पर गिरेगी अनुशासनात्मक कार्यवाही की गाज समीक्षा बैठक में इंदौर का एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सिस्टम की कमजोरी उजागर कर दी। वहां बैंक ने समय पर जरूरी कदम नहीं उठाए, खाताधारक की रकम गलत तरीके से फ्रीज कर दी और शिकायत पर तय समय में सुनवाई भी नहीं की। इस पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि साइबर अपराध रोकने के नाम पर बेकसूर खाताधारकों का पैसा बिना ठोस आधार और सही प्रक्रिया के रोकना या उनकी शिकायत अनसुनी करना बिल्कुल गलत है। हर कदम तथ्यों की जांच और नियमों के हिसाब से ही उठाया जाना चाहिए।
हर महीने होगी मॉनिटरिंग, एसपी को मिली जिम्मेदारी बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) अंशुमान यादव ने इंदौर मामले का हवाला देते हुए सभी बैंकों को निर्देश दिए कि वे MRM और GRM पोर्टल पर आई शिकायतों का तुरंत और सही निपटारा करें। ठगी की रकम को फौरन होल्ड या लियन कराने, पीड़ित को पैसा वापस दिलाने और गलत तरीके से रोके गए खातों की शिकायतों को समय पर सुलझाने पर जोर दिया गया है। साथ ही प्रदेश के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को बैंकों के साथ नियमित बैठकें कर लंबित शिकायतों की समीक्षा करने और लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय करने को कहा गया है। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय हर महीने इन मामलों की प्रगति पर नजर रखेगा।
बैंकों को दिए गए ये खास निर्देश
- म्यूल अकाउंट्स पर तुरंत प्रहार (MRM): ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहे संदिग्ध या ‘म्यूल बैंक खातों’ की फौरन पहचान कर उन्हें फ्रीज किया जाए और उनकी जानकारी तुरंत साइबर सेल से साझा की जाए, ताकि पैसा आगे ट्रांसफर न हो सके।
- ‘गोल्डन आवर’ में तेज कार्यवाही (GRM): पीड़ितों की शिकायतों पर ‘गोल्डन आवर’ में मिलने वाले होल्ड या फ्रीज के अनुरोधों पर तुरंत एक्शन लिया जाए और अटके हुए रिफंड के मामलों को जल्दी निपटाया जाए।
- मजबूत पुलिस-बैंक तालमेल: संदिग्ध लेन-देन की जांच, डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने और NCRP पोर्टल पर तेज कार्रवाई के लिए पुलिस और बैंकों के बीच समन्वय और मजबूत किया जाएगा।
अपनी मेहनत की कमाई बचाने के लिए ये 8 बातें कभी न भूलें
- अपना OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN और इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड किसी को न बताएं।
- अनजान कॉल, SMS, WhatsApp मैसेज या ई-मेल में आए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
- KYC अपडेट, खाता बंद होने या पैसा आने के नाम पर आने वाले संदिग्ध संदेशों के झांसे में न आएं।
- किसी अनजान के कहने पर फोन में स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें।
- पैसा पाने के लिए UPI PIN नहीं डालना होता, इसलिए अनजान Collect Request स्वीकार न करें।
- अपना ATM कार्ड, बैंक खाता, पासबुक या नेट बैंकिंग किसी दूसरे को इस्तेमाल करने के लिए न दें।
- खाते के लेन-देन नियमित रूप से चेक करें और SMS अलर्ट ऑन रखें।
- साइबर ठगी होते ही तुरंत 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
“रुको, सोचो और फिर एक्शन लो — सायबर अपराध से सुरक्षित रहो!


0 टिप्पणियाँ