Music

BRACKING

Loading...

गुणवत्ता की कसौटी पर निर्माण कार्य: सख्त कार्यवाही से ही सुधरेंगी व्यवस्था

* मध्य प्रदेश सात जिलों में निर्माण कार्य निरीक्षण और कार्यवाही -भारत रावत

  • मध्य प्रदेश सात जिलों में निर्माण कार्य निरीक्षण और कार्यवाही भारत रावत 


 भोपाल। सार्वजनिक निर्माण कार्यों की गुणवत्ता केवल विभागीय लक्ष्य नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सरकारी संसाधनों के सही उपयोग का पैमाना है। लोक निर्माण विभाग की गुणवत्ता सुधार कार्ययोजना के तहत प्रदेश के सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण और उसकी गहन समीक्षा इसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के प्रबंध संचालक श्री भरत यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए 22 कार्यों में आवश्यक सुधार कराने तथा निरीक्षण दलों की अनुशंसाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सात जिलों में जांच और कार्यों का दायरा

मुख्य अभियंताओं के नेतृत्व में गठित सात दलों ने 20 नवंबर को विदिशा, छिंदवाड़ा, मुरैना, बुरहानपुर, मैहर, मंदसौर और दमोह जिलों में यादृच्छिक रूप से चयनित कार्यों की गुणवत्ता की जांच की। इस पड़ताल में लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं पुल शाखा के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के पांच, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के छह, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के दो और राष्ट्रीय राजमार्ग का एक कार्य शामिल था।

हमारी नजरिये में : लापरवाही पर जवाबदेही, बेहतर कार्य को सम्मान

इस समीक्षा बैठक की सबसे अहम बात यह है कि खामियों को केवल दर्ज करने के बजाय सीधे जिम्मेदारी तय करने का रुख अपनाया गया है। मुरैना जिले में 3.50 किलोमीटर लंबे खेड़ा मेवदा–मीरापुर मार्ग और बुरहानपुर जिले में 1.50 किलोमीटर लंबे बोहरदा–मोहनासंगम मार्ग का निर्माण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित कार्यपालन यंत्रियों, अनुविभागीय अधिकारियों और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, इन दोनों कार्यों के ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई करने के लिए संबंधित मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया है।

इसी तरह बुरहानपुर में निंबोला–मगरूल–थाथरबाल्डी–उतांबी–बोरी बुजुर्ग मार्ग के मजबूतीकरण कार्य तथा नाचनखेड़ा–अडगांव और दरियापुर–जशोंधी (महाराष्ट्र सीमा) मार्गों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिनके ठेकेदारों पर ब्लैकलिस्टिंग की कार्यवाही  के निर्देश दिए गए हैं। दमोह में निर्माणाधीन 73.265 किलोमीटर लंबे दमोह–हटा–गैसाबाद–सिमरिया मार्ग के मामले में संबंधित कंसल्टेंट के विरुद्ध कार्यवाही और ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्यवाही  के निर्देश भी यह संदेश देते हैं कि गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दूसरी ओर, विदिशा जिले में निर्माणाधीन झारखेड़ा–बेरसिया–ढोलखेड़ी मार्ग का कार्य गुणवत्तापूर्ण पाए जाने पर तत्कालीन कार्यपालन यंत्री श्री दीपक असाटी की सराहना की गई। यह कदम दिखाता है कि जहाँ लापरवाही पर दंड का प्रावधान है, वहीं मानक के अनुरूप बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहन भी मिलना चाहिए।

शिकायतों का तुरंत समाधान और सड़क सुरक्षा के कदम

प्रशासनिक संवेदनशीलता का एक और पहलू शिकायत निवारण की समय-सीमा तय करना है। प्रबंध संचालक श्री यादव ने लोकपथ ऐप पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण चार दिन की निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को देने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा है, जिसकी समीक्षा मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री स्तर पर होगी।

इसके अतिरिक्त, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने तथा तत्काल और स्थायी उपायों की कार्ययोजना लागू करने के निर्देश सड़क सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। वहीं, एमपीआरडीसी की आगामी परियोजनाओं में मार्ग के किनारे यात्री सुविधाओं और गौशालाओं के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने के निर्देश भी जनसुविधा और पशु कल्याण की दिशा में उपयोगी पहल हैं।

हमारी नहर में 

औचक निरीक्षण और सख्त निर्देशों की असली सफलता तभी है, जब नोटिस और ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से हो और 22 चिह्नित कार्यों में समय रहते गुणवत्तापूर्ण सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ