भोपाल। मादक पदार्थों का अवैध कारोबार केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य पर सीधा हमला है। प्रदेश में नारकोटिक्स नियंत्रण की रणनीति को धार देने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय बैठक इसी गंभीरता को रेखांकित करती है। डीजीपी ने अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए हैं कि मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई महज जब्ती और गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि तस्करी नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और आपूर्ति श्रृंखला के पूरे तंत्र को जड़ से ध्वस्त किया जाए।
हॉटस्पॉट की मैपिंग और अंतरराज्यीय नेटवर्क पर शायद अब नजर
बैठक में डीजीपी श्री मकवाणा ने जिलेवार संवेदनशील क्षेत्रों और ड्रग्स हॉटस्पॉट की मैपिंग कर लक्षित कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही, पिछले पांच वर्षों के बड़े NDPS प्रकरणों की समीक्षा कर अपराध के स्वरूप और गिरोहों की कार्यप्रणाली समझने पर जोर दिया गया है। अवैध खेती वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर नष्ट करने, तस्करी मार्गों व परिवहन कॉरिडोर पर सतत निगरानी रखने तथा फरार आरोपियों और संलिप्त विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश इस अभियान की व्यापकता को दर्शाते हैं।
हमारी नजरिया: आर्थिक कमर तोड़ने और समन्वय की रणनीति !
अक्सर देखा जाता है कि निचले स्तर के पैडलर्स पकड़े जाते हैं, लेकिन असली सरगना और उनका काला साम्राज्य सुरक्षित रहता है। ऐसे में डीजीपी द्वारा अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की पहचान कर वित्तीय जांच के जरिए संपत्तियों को फ्रीज करने और आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करने का निर्देश सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके अलावा, नशीले पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त केमिकल्स के अवैध डायवर्जन पर निगरानी रखना भी समय की मांग है।
इस लड़ाई में केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के बीच तालमेल बेहद जरूरी है। बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक रेल श्री राजाबाबू सिंह, एडीजी नारकोटिक्स श्री डी. श्रीनिवास वर्मा, एडीजी गुप्तवार्ता श्री अंशुमान यादव, प्रधान अतिरिक्त महानिदेशक डी.आर.आई. इंदौर मो. शमशाद आलम और संयुक्त निदेशक एस.आई.बी. भोपाल श्रीमती अमृता दास की मौजूदगी तथा MAC प्लेटफॉर्म के जरिए रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग पर जोर यह संकेत देता है कि अब सूचनाओं के आदान-प्रदान में देरी की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
अब अभियोजन और तुरंत न्याय की जरूरत
अपराधियों में कानून का खौफ तभी पैदा होता है जब उन्हें समय पर सख्त सजा मिले। न्यायालयों में लंबित NDPS प्रकरणों की नियमित समीक्षा, अभियोजन के साथ बेहतर समन्वय और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने का निर्देश इस दिशा में निर्णायक साबित हो सकता है।
हामारी नजर में ऐ होना चाहिए
डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा द्वारा तय किया गया यह रोडमैप कागजों से निकलकर जितनी तेजी और पारदर्शिता से जमीनी धरातल पर उतरेगा, प्रदेश को नशामुक्त बनाने की मुहिम उतनी ही सार्थक सिद्ध होगी।

0 टिप्पणियाँ