- Anticorruption News
- बेनजीर ग्राउंड पर जनसभा कर गांधीजी ने पहली बार समझाया था रामराज्य का अर्थ...
- भोपाल में जोरदार स्वागत और लोगों के जज्बे से प्रभावित हुए थे महात्मा गांधी
भोपाल। देश में स्वाधीनता के आंदोलन के दौरान 1929 में महात्मा गांधी ने भोपाल का आतिथ्य स्वीकार किया था। वे वर्धा आश्रम से यहां आए थे। भोपाल प्रवास के दौरान राहत मंजिल और बेनजीर मैदान को सफेद खादी से सजाया गया था। यहां उन्होंने बेनजीर ग्राउंड पर एक बड़ी जनसभा में रामराज्य की अवधारणा को लेकर मुस्लिमों में फैली गलतफहमी और छुआछूत दूर करने का संदेश दिया था। वे यहां तीन दिन रुके थे। उनकी प्रार्थना सभा में गीता, कुरान और बाइबल के पवित्र संदेशों का वाचन किया गया था।
महात्मा गांधी अपने प्रिय शिष्य डॉ. एमए अंसारी के आग्रह पर 11 सितंबर 1929 को पहली बार भोपाल आए थे। इस अवसर पर उनके राहत मंजिल निवास को सफेद खादी से सजाया गया था। गौरतलब है कि कोहेफिजा से कुछ दूरी पर स्थित इस ऐतिहासिक इमारत का अब कोई अवशेष नहीं बचा है। गांधीजी भोपाल की आबोहवा और सामाजिक सौहार्द्र से खासे प्रभावित हुए थे। इसका उल्लेख उन्होंने बेनजीर मैदान में 12 सितंबर को हुई सभा में किया था।
सभा में कहा- मेरी देसी नरेशों से कोई दुश्मनी नहीं
गांधीजी ने सभा में कहा - आपका प्रेम और स्नेह मुझे यहां तक ले लाया। मैं आप सभी का स्नेह पाकर अभिभूत हूं। रियासतों का जिक्र करते हुए हुए उन्होंने कहा था मेरी देसी नरेशों से कोई दुश्मनी नहीं है। मेरा विश्वास है कि देसी नरेश भी यदि पूरी तरह प्रयत्नशील हों तो देश में रामराज्य की स्थापना हो सकती है। मेरी राय में रामराज्य का अर्थ हिंदू राज्य नहीं है। रामराज्य से मेरा आशय ईश्वर का राज है। मेरे लिए राम और रहीम में कोई अंतर नहीं है। मेरे लिए तो सत्य और सत्कार्य ही ईश्वर है। कहा गया है कि रामराज्य में दरिद्र से दरिद्र व्यक्ति भी कम खर्च में और अल्प अवधि में न्याय प्राप्त कर सकता था। यदि देश में शासक और शासित ईश्वर पर भरोसा रखने वाले हों तो वह शासन दुनिया की सभी प्रजातंत्रीय व्यवस्थाओं से उत्तम होगा।
सभा स्थल को सफेद खादी से सजाया गया...
बेनजीर मैदान में गांधीजी की सभा में बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। इस दौरान राहत मंजिल से सभा स्थल तक भीड़ जमा थी। सभा स्थल को चारों तरफ से खादी से सजाया गया था।
सभा में भेंट की गई 1035 रुपए की थैली
गांधीजी ने बेनजीर मैदान में सभा के दौरान लोगों से चंदा भी मांगा था। शिक्षण संस्था जामिया मिलिया के विस्तार के लिए उन्होंने नागरिकों से चंदा मांगा था। साथ ही चरखा संघ के लिए भी राशि देने की अपील की थी। गांधीजी को भोपाल में नागरिकों की ओर से 1035 रुपए की थैली भी भेंट की गई थी।
बापू को स्वाधीनता आंदोलन के लिए भोपाल ने भेंट की थी 501 रुपए की राशि
अपनी भोपाल यात्रा के दौरान महात्मा गांधी का मोढ़ समाज की बगिया में सम्मान भी हुआ था। यहां उन्हें 501 रुपए की राशि आंदोलन के लिए भेंट की गई थी। वे गुजराती वणिक मोढ़ समाज के आमंत्रण पर समाज की बगिया में आए थे। वे यहां हुए शानदार स्वागत और आयोजन से काफी प्रभावित हुए। इस मौके पर उनके साथ जमनालाल बजाज, महादेव देसाई, पंडित माखनलाल चतुर्वेदी जैसी शख्सियतें भी थीं। बापू के आगमन के विवरण को लेकर यहां एक पट्टिका भी लगी है। -(स्रोत- मप्र और गांधीजी)
0 टिप्पणियाँ