शिवपुरी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को बाढ़ प्रभावित नरवर तहसील के पनघटा गांव पहुंचे। नवोदय विद्यालय स्थित सभागार में मंच से ग्रामीणों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ की चपेट में आए परिवारों की दुधारू गाय भैंस बहने पर 30 हजार बकरे बकरी के 3 हजार और मुर्गे मुर्गियों का 60 रूपए मुआवजा देंगे, बाढ़ से खेतों में आई सिल्ट भी सरकारी खर्चे से हटाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सर्वे ठीक ढंग से कराएं। सर्वे में यदि सही व्यक्ति छूटा तो ठीक नहीं होगा। सर्वे में गड़बड़ी मिली तो नौकरी करने लायक नहीं छोडूंगा। सीएम ने कहा कि सर्वे घर बैठकर नहीं होगा। तीन विभाग राजस्व, कृषि विभाग और पंचायत ग्रामीण विकास विभाग से करवा रहे हैं। सर्वे की सूचियां पंचायत भवनों पर चस्पा कराई जाएंगी। इसमें दावे आपत्तियां मंगाई जाएंगी ताकि सही व्यक्ति सर्वे से ना छूटे। पक्का मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए पीड़ित परिवार को दिए जाएंगे।
बाढ़ प्रभावित गांव ऊंचाई वाली जगह पर बसाए जाएंगे
नरवर तहसील के पनघटा ख़्यावदा, पीपलखेड़ी, सूडा गांव बाढ़ की चपेट में आने से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। यहां के ग्रामीण ऊंचाई वाली जगह पर विस्थापन की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी मंच से कहा कि जहां बाढ़ के कारण बार-बार लोग प्रभावित हो रहे हैं, उन्हें ऊंचाई वाली जगह पर बसाएंगे। इसके लिए ऊंचाई वाली जगह पर जमीन चिन्हित कराई जाएगी। बता दें कि बैराड़ तहसील के रायपुर, हर्ररई, बरखेड़ी गांव के लोग भी दूसरी जगह विस्थापन की मांग कर रहे हैं।
100 साल में पहली बार बाढ़ से आई ऐसी आपदा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ऐसी बाढ़ 100 साल में पहली बार आई है। इसमें कई लोगों की गृहस्थी किसी का घर तो किसी का मवेशी बह गए। लोगाें की जान मुश्किल से बची। शिवपुरी में बाढ़ के दौरान मैं भी रात-रात भर जागता रहा और आप लोगों का हाल-चाल जानता रहा। बताना चाहता हूं की बाढ़ के दौरान भी में मेरा हेलीकॉप्टर नरवर-मगरौनी के ऊपर से गुजरा चूंकि हालात ऐसे थे कि मेरा हेलीकॉप्टर आपके बीच नहीं उतर सकता था। इसलिए मैं अब आपके बीच आया हूं।
बाढ़ के संकट से आप लोगों को बाहर ले जाएंगे
मुख्यमंत्री ने अधिकारी-कर्मचारियों को चेतावनी देने के साथ ही मंच पर बैठे सभी जनप्रतिनिधियों से भी कहा कि आप लोग भी जनता की सेवा में कोई कमी ना छोड़ें, जितनी सेवा हो सके उतनी सेवा जी-जान से करें। लोगों से कहा कि आपके नुकसान की पाई-पाई का भुगतान सरकार करेगी।
सीएम ने कहा-आप लोगों के आवेदन मेरे हाथ में हैं
मंच पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के आवेदनों को हाथ में दिखाते हुए कहा कि आप लोगों के आवेदन मेरे हाथ में आ गए हैं। इनकी उच्च अधिकारियों के लेवल पर जांच कराकर जो भी आपका नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कराई जाएगी। यह बात सही है कि बाढ़ ने लोगों की गृहस्थी सहित सामान को तहस-नहस कर दिया है। लोग परेशानी में है। मुझे सब पता है, लेकिन चिंता की बात नहीं सरकार नुकसान की भरपाई करेगी।
मुख्यमंत्री के आने से पहले दो बार गई लाइट
नवोदय विद्यालय के सभागार में मुख्यमंत्री के आने से पहले दो बार लाइट गुल हो गई जिसके चलते सभागार में अंधेरा छा गया। साथी पुलिसकर्मी सहित कई अधिकारियों ने अपनी मोबाइल की रोशनी दिखा कर लोगों को समझाइश दी। साथ ही मौजूदा अधिकारी और कर्मचारी अपनी मोबाइल व पैसे कहीं गायब ना हो जाए इसलिए जेब पर हाथ हाथ रखकर मोबाइल की रोशनी दिखाते रहे। इसे देखकर लोगों ने काफी व्यंग्य किए।
0 टिप्पणियाँ