भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 (Special Intensive Revision - SIR) के संबंध में विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है। इसी क्रम में आज अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय पोहरी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी दलों को एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अफाक अंसारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष जैमिनी, एस.एस.धाकड, पवन धाकड बगवासा सहित पत्रकारगण उपस्थित रहे। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोहरी अनुपम शर्मा ने बताया कि बी.एल.ओ. द्वारा 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक एक माह की अवधि में प्रत्येक मतदान केंद्र पर गणना प्रपत्र (Enumeration Form - EF) भरवाए जाएंगे। इसके बाद निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 09 दिसम्बर 2025 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियाँ 09 दिसम्बर 2025 से 08 जनवरी 2026 तक आमंत्रित की जाएंगी तथा अंतिम प्रकाशन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा। बी.एल.ओ. मतदाताओं को पिछले SIR (2002–2004) के रिकॉर्ड से नाम मिलान (Linking) करने में सहायता करेंगे। इसके लिए मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट (https://voters.eci.gov.in/) का उपयोग भी कर सकेंगे। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु फॉर्म-6 एवं घोषणा प्रपत्र एकत्र किए जाएंगे। बी.एल.ओ. प्रत्येक मतदाता के घर पर कम से कम तीन बार जाकर जानकारी संकलित करेंगे। विशेषकर शहरी या अस्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता ऑनलाइन भी EF भर सकेंगे। इस प्रक्रिया के दौरान ऐसे मतदाताओं की भी पहचान की जाएगी जो मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं या एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत हैं। गणना चरण में EF के साथ किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। निर्वाचन कार्य हेतु आवश्यक दस्तावेजों की सांकेतिक सूची मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में उपयोगी दस्तावेजों की सांकेतिक (परंतु पूर्ण नहीं) सूची जारी की गई है। यह सूची मतदाताओं की पहचान, निवास तथा अन्य आवश्यक प्रमाण के लिए उपयोग की जा सकेगी।

0 टिप्पणियाँ