Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : ग्राम गनियार में थाली में पानी गिरने का विरोध करने पर महिला को लहूलुहान करने वाले दो भाइयों पर 5 दिन बाद भी केस दर्ज नहीं।

शिवपुरी जिले के सीहोर थाना क्षेत्र के ग्राम गनियार निवासी सीमा कुशवाह ने गांव के दो भाइयों पर मारपीट का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस आज गुरुवार की दोपहर 3 बजे अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि पांच दिन में दूसरी बार एसपी ऑफिस पहुंचने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

सीमा कुशवाह के अनुसार, यह घटना 7 जून की सुबह उनके घर पर हुई। वह खाना खा रही थीं, तभी पड़ोसी दौलत सिंह कुशवाह ने पानी की पाइपलाइन चालू कर दी, जिससे उनकी थाली में पानी भर गया।

जब सीमा ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। महिला का आरोप है कि दौलत सिंह ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके चेहरे और नाक के पास गंभीर चोटें आईं और उन्हें टांके लगवाने पड़े।

शिकायत में बताया गया है कि घटना के दौरान सतेन्द्र कुशवाह भी मौके पर पहुंच गया। दोनों भाइयों ने मिलकर सीमा के साथ मारपीट की। जब उनके पति बीच-बचाव करने आए, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर सीहोर थाने पहुंची थीं, लेकिन वहां उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।

महिला का आरोप है कि जनसुनवाई में एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और उन्हें थाने भेजा, लेकिन थाने में भी मामला दर्ज नहीं किया गया। सीमा कुशवाह ने यह भी बताया कि जब वह दोबारा सीहोर थाने पहुंचीं, तो थाना प्रभारी ने उन्हें वापस एसपी कार्यालय जाकर वहीं एफआईआर दर्ज कराने की बात कहकर लौटा दिया।


सीमा कुशवाह का कहना है कि वह पिछले पांच दिनों से न्याय के लिए भटक रही हैं। उन्होंने दूसरी बार एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की जांच, दोनों भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ