शिवपुरी शहर के कोतवाली क्षेत्र के कमलागंज स्थित पतंजलि मेगा स्टोर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की छत के पास लगी प्लाई और लोहे के सरियों को काटकर अंदर घुसा तथा कांच के गेट का ताला तोड़कर स्टोर में प्रवेश किया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार कृष्णपुरम कॉलोनी निवासी तरुण सिंह पुत्र नरेंद्र प्रताप सिंह ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि कमलागंज एबी रोड स्थित उनके पतंजलि मेगा स्टोर को 12 जून की रात करीब 9:30 बजे बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे जब दुकान खोली तो शटर के ऊपर लगी प्लाई और लोहे के सरिए कटे हुए मिले। दुकान का कांच का गेट खुला था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर स्टोर से एचपी कंपनी का लैपटॉप, बादाम के 6 पैकेट, काजू के 2 पैकेट, अंजीर के 2 पैकेट और 5 लीटर घी की एक टीन गायब मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें एक युवक रात करीब 1:40 बजे स्टोर में घुसता और चोरी का सामान लेकर निकलता दिखाई दे रहा है।
कोतवाली पुलिस ने संचालक की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ