Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : कोलारस में खाद से भरे ट्रक मामले में कांग्रेस ने खोला मोर्चा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में हाल ही में खाद से भरे ट्रक की जब्ती और एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मामले का पूरा खुलासा नहीं होने पर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोलारस के अध्यक्ष बलभद्र सिंह धाकड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और मुख्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि प्रशासन ने मां कैला देवी वेयरहाउस परिसर से खाद से भरा ट्रक जब्त किया था, लेकिन अब तक केवल ट्रक चालक और हेल्पर के खिलाफ ही कार्रवाई की गई है। जबकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि खाद किसकी थी, इसे किसने मंगवाया था और वेयरहाउस परिसर तक यह कैसे पहुंची। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ट्रक पकड़े जाने से पहले बड़ी मात्रा में खाद बाजार में खपाई जा चुकी थी, जिसकी भी जांच होना चाहिए।

कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रक में मिली खाद के वास्तविक मालिक, परिवहन से जुड़े लोगों और वेयरहाउस प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में किसान पहले से खाद संकट से जूझ रहे हैं और ऐसे समय में संदिग्ध खाद का बाजार में पहुंचना गंभीर मामला है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलभद्र सिंह धाकड़ ने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। यदि सात दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर मुख्य जिम्मेदार लोगों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।


बता दें कि प्रशासन ने खाद से भरे ट्रक को जब्त कर चालक और हेल्पर के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जब्त खाद किसके लिए लाई गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे। इसी को लेकर कांग्रेस ने जांच का दायरा बढ़ाने की मांग उठाई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ