Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : लेन-देन के विवाद में पंचायत से पहले चली गोली, युवक घायल; तीन पर FIR



शिवपुरी जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव में 7 लाख रुपए के लेन-देन के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई समाज की पंचायत से पहले ही गोली चल गई। बाइक सवार तीन लोगों ने एक युवक पर कट्टे से फायर कर दिया, जिससे उसके पैर में छर्रे लग गए। घायल युवक को पहले पिछोर स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया।

घायल रामलखन गुर्जर निवासी पावटा गांव, थाना पनिहार (ग्वालियर) ने बताया कि महुआखेड़ा निवासी लल्लू गुर्जर से उसके परिवार के लंबे समय से संबंध थे। कुछ वर्ष पहले लल्लू ने उसके छोटे भाई यलकार गुर्जर का विवाह तय कराया था, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच मेलजोल बढ़ गया था। इसी दौरान लल्लू ने जमीन खरीदने का प्रस्ताव देकर उससे अलग-अलग किश्तों में करीब 7 लाख रुपए ले लिए थे।

रामलखन का आरोप है कि दो साल बीत जाने के बावजूद न तो जमीन दिलाई गई और न ही रुपए वापस किए गए। इस मामले के समाधान के लिए पहले भी समाज की पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन उस दौरान विवाद बढ़ गया और कोई नतीजा नहीं निकल सका। बाद में समाज के लोगों ने दोबारा पंचायत कर मामला सुलझाने का निर्णय लिया था।

बताया गया है कि शुक्रवार को पंचायत आयोजित की गई थी। रामलखन पंचायत स्थल की ओर पैदल जा रहा था। तभी लल्लू गुर्जर, उसका बेटा मंगल सिंह और एक अन्य व्यक्ति बाइक से वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों कुछ दूर जाने के बाद वापस लौटे और उनमें से एक ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली के छर्रे रामलखन के पैर में लगे, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद घायल को तत्काल पिछोर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।

मायापुर थाना प्रभारी दिनेश नरवरिया ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ