- लोकभवन भोपाल समाचार
भोपाल। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने मंगलवार को लोकभवन में आयोजित एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा में मानगढ़ की पवित्र भूमि के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने क्रांतिनायक संत गोविंद गुरु बंजारा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया। कार्यक्रम में लोकभवन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी जनजातीय जनसमूह के अमर बलिदानियों को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
17 नवंबर 1913 का बलिदान इतिहास का गौरवशाली अध्याय मानगढ़ की ऐतिहासिक घटना का स्मरण करते हुए राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ की पावन भूमि पर गोविंद गुरु के अनुयायी 1500 से अधिक जनजातीय भाई-बहनों ने अपने प्राणों की आहुति देकर भारतीय स्वतंत्रता और स्वाभिमान की अमर गाथा लिखी थी। उन्होंने इस बलिदान को भारतीय इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय बताया। राज्यपाल ने कहा कि गोविंद गुरु के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, सामाजिक समरसता, नशामुक्ति और राष्ट्र सेवा का संकल्प लें, क्योंकि उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
चार राज्यों की साझी विरासत है मानगढ़ अपने पुराने संस्मरणों को साझा करते हुए राज्यपाल श्री पटेल ने गुजरात के मंत्री के रूप में मानगढ़ के गुजरात क्षेत्र में की गई अपनी सेवाओं को याद किया। उन्होंने बताया कि उस दौरान उन्होंने मानगढ़ की पवित्र भूमि पर बलिदानियों की स्मृति में 1500 से अधिक पौधों का रोपण कराया था। उन्होंने रेखांकित किया कि मानगढ़ मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों की साझी विरासत है और इन राज्यों द्वारा वहां संयुक्त रूप से एक स्मृति केंद्र विकसित किया जा रहा है।
भगत आंदोलन और सम्प सभा से जगाई जनजागरण की अलख क्रांतिनायक संत गोविंद गुरु बंजारा के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनका जीवन त्याग, तपस्या, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के उत्थान, सामाजिक सुधार और देश की आजादी के लिए समर्पित कर दिया। गोविंद गुरु ने 'भगत आंदोलन' के माध्यम से जनजातीय समाज को संगठित कर स्वच्छता, शिक्षा, सदाचार और स्वावलंबन का संदेश दिया। इसके साथ ही, उनके द्वारा स्थापित 'सम्प सभा' न केवल सामाजिक सुधार का मंच बनी, बल्कि इसने अन्याय, शोषण, बेगार प्रथा और अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध जनजागरण का एक सशक्त माध्यम बनकर कार्य किया।

0 टिप्पणियाँ