Music

BRACKING

Loading...

अलीराजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 करोड़ 17 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, दो वाहन बरामद

अलीराजपुर: अंतरराज्यीय शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, कंटेनर और ट्रक से पकड़ा गया भारी मात्रा में माल



अलीराजपुर: मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध शराब के परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अलीराजपुर पुलिस ने दो अलग-अलग सफल कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए 1,913 पेटी एवं 16,712 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त एक सीमेंट कंटेनर और एक ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल लगभग 2 करोड़ 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह भदौरिया के कुशल निर्देशन में थाना चांदपुर और थाना उदयगढ़ पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।

सीमेंट कंटेनर से 1,426 पेटी अवैध शराब बरामद

थाना चांदपुर पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि राजस्थान पासिंग एक सीमेंट कंटेनर के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहन को रोककर जांच की।

कंटेनर की गहन तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने कंटेनर से कुल 1,426 पेटी एवं 12,505 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। इस कार्रवाई में कंटेनर समेत लगभग 1 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

  • तस्करी का रूट: प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि इस अवैध शराब को पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के नरवाना क्षेत्र से भरकर राजस्थान (जयपुर, दौसा, कोटा, चित्तौड़गढ़) तथा मध्य प्रदेश (नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, मांगोद, मनावर और कुक्षी) के रास्ते होते हुए गुजरात के बड़ौदा ले जाया जा रहा था।
  • गिरफ्तारी: पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ग्राम बमरला, तहसील सेड़वा, जिला बाड़मेर (राजस्थान) निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब शराब के मुख्य स्रोत, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और आगे के संपर्कों की गहरी तफ्तीश कर रही है।

ट्रक से 487 पेटी अवैध शराब जब्त, चालक फरार

वहीं दूसरी कार्रवाई थाना उदयगढ़ पुलिस द्वारा की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम तलावद की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक ट्रक को ग्राम जवानिया स्थित तालाब के किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें विशेष रूप से बेसमेंट प्लांट कर छिपाई गई अवैध शराब की पेटियां मिलीं। पुलिस ने ट्रक से कुल 487 पेटी एवं 4,207 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की। इस कार्रवाई में ट्रक सहित लगभग 54 लाख 97 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। फरार चालक की तलाश जारी है।

पुलिस का कड़ा संदेश

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध पूरे प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय शराब माफियाओं पर नकेल कसने के लिए पुलिस सूचना तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ वाहन चेकिंग और मैदानी निगरानी को लगातार धार दे रही है, जिससे अपराधियों के मंसूबों को नाकाम किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ