शिवपुरी। जिले की पोहरी थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से कार्यवाही करते हुए 5 दिन से लापता एक नाबालिग बालिका को शिवपुरी बस स्टैंड से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने बाल कल्याण समिति के समक्ष काउंसलिंग कराने के बाद बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
घर से बिना बताए चली गई थी बालिका
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को ग्राम भोजपुर (थाना पोहरी) निवासी 40 वर्षीय फरियादी ने पोहरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। पुलिस ने मामले में गुमइंसान क्रमांक 42/26 तथा अपराध क्रमांक 340/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शिवपुरी-ग्वालियर में तलाश और साइबर सेल की मदद
नाबालिग की दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी श्री आनंद राय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने शिवपुरी और ग्वालियर के संभावित ठिकानों पर तलाश की।
लगातार प्रयास और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर 23 और 24 नवंबर की दरम्यानी रात पुलिस टीम ने बालिका को शिवपुरी बस स्टैंड से महिला अधिकारी की मौजूदगी में सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा
रात होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से बालिका को रात्रि विश्राम के लिए वन स्टॉप सेंटर में रखा गया। अगले दिन 24 नवंबर को महिला अधिकारी द्वारा बालिका के बयान दर्ज किए गए और बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष काउंसलिंग कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष धाकड़, सउनि ओमनरेश जाटव, प्रधान आरक्षक 180 हृदेश पाराशर, आरक्षक 1134 अरविंद कुशवाह, आरक्षक 1100 उमाशंकर मीणा और महिला आरक्षक 1110 मंजूलता शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ