शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील के ग्राम करही में गुरुवार को किसान दौलत सिंह रावत के खेत पर सुपर सीडर मशीन से गेहूं की बुवाई का जीवंत प्रदर्शन (डेमो) आयोजित किया गया। फसल अवशेष (पराली एवं नरवाई) प्रबंधन को बढ़ावा देने और किसानों को कम लागत में बेहतर उपज देने वाली आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम रखा गया।
पराली प्रबंधन के यंत्रों और सब्सिडी की जानकारी
प्रदर्शन के दौरान सहायक कृषि यंत्री भगवान सिंह नरवरिया ने किसानों को नरवाई एवं पराली प्रबंधन में उपयोगी आधुनिक कृषि यंत्रों की कार्यप्रणाली और शासन द्वारा देय अनुदान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को इन यंत्रों के उपयोग के लाभ समझाए:
- सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर
- बेलर और मल्चर
- रोटावेटर
50 प्रतिशत सब्सिडी पर खरीदा यंत्र, एक ही बार में हो रही बुवाई
कार्यक्रम में उपस्थित किसान निखिल सिंह रावत ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल के माध्यम से 50 प्रतिशत सब्सिडी पर सुपर सीडर खरीदा है। उन्होंने बताया कि इस मशीन से एक ही बार में खेत की सफाई के साथ गेहूं की बुवाई हो जाती है, जिससे लागत घटती है और फसल का औसत (एवरेज) भी अच्छा मिलता है। आसपास के अन्य किसान भी इसे देखकर अपने खेतों में उपयोग करवा रहे हैं। उन्होंने इस योजना के लिए शासन का आभार जताया और अन्य किसानों से भी इसका लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में सहायक कृषि यंत्री भगवान सिंह नरवरिया, खेत स्वामी दौलत सिंह रावत, किसान निखिल सिंह रावत सहित कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ