पवन भार्गव
एंटी करप्शन न्यूज़
25 से ज्यादा स्थानों पर अवैध कॉलोनियां
शिवपुरी। शहर से लगे तीन से पांच किमी एरिया में इस समय अवैध कॉलोनी काटने के साथ-साथ डुप्लेक्स बनाने का काम धड़ल्ले से चल रहा है। कृषि भूमि पर बिना डायवर्सन के ही आवासीय छोटे-छोटे प्लाट काटे जा रहे हैं। इस समय 25 से ज्यादा स्थानों पर यह अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। इतना ही नहीं इन कृषि भूमियों पर भूमाफिया बिना डायवर्सन के लाखों रुपए लोगों से लेकर डुप्लेक्स बनाकर राजस्व को चूना लगा रहे हैं। डुप्लेक्स बनाने का काम बिना परमिशन के अवैध है लेकिन जिम्मेदार इस पर कोई गौर नहीं कर रहे हैं। अब शिवपुरी में नवागत कलेक्टर अनुग्रह पी द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद अवैध कॉलोनी काटने वाल भूमाफियाओं पर कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है। कलेक्टर के अलावा तत्कालीन एसडीएम तोमर का भी शिवपुरी से स्थानांतरण हो गया है। यहां बता दें कि लगातार शिकायतों के बाद भी एसडीएम द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अब शिवपुरी में एसडीएम भी नए होंगे और कलेक्टर भी। ऐसी स्थिति में इन कार्रवाई होने के अधिक संभावना जताई जा रही है।
नमो नगर में बेशकीमती नाले पर ताने डुप्लेक्स
बायपास क्षेत्र में नमोनगर में एक भूमाफिया द्वारा बेशकीमती शासकीय नाले पर अवैध रूप से कब्जा कर उस डुप्लेक्स ताने जा रहे हैं। भूमाफिया द्वारा प्रशासन की सांठगांठ से राजस्व को लाखों रुपए की चपत लगाई जा रही है। भूमाफिया द्वारा नाले को जड़ से ही खत्म कर दिया है।
केटीएम कॉलेज के आसपास बिछा अवैध कॉलोनियों का जाल
यहां बता दें कि केटीएम कॉलेज से करीब 1 किमी. दूर खेतों में खुलेआम प्लॉटिंग की जा रही है। कॉलोनाइजर द्वारा यहां पर कॉलोनी काटने के नियमों का कोई पालन नहीं किया जा रहा है। यहां जाने के लिए अभी सिर्फ कच्ची पगडंडी ही नजर आती है। इसी कॉलोनाइजर द्वारा यहीं बायपास से करीब 500 मीटर की दूरी पर डुप्लेक्स तान दिए गए हैं यहां पर भी कई नियमों को ताक पर रखा गया है।
सिर्फ नोटिस तक सिमट कर रह गई थी कार्रवाई
नपा ने वर्ष 2007 में एक सर्वे कराया था इसमें छोटी-बड़ी 155 कॉलोनियां अवैध पाई गई थीं। बीते दस साल में यह अवैध कॉलोनी चिंहित भू-माफिया ने काटी हैं। तत्कालीन एसडीएम शिवपुरी द्वारा कई भू माफिया पर अवैध कॉलोनी काटने के नोटिस जारी कर प्रकरण चलाए लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई किसी पर नहीं हो सकी। इसके चलते भूमाफिया के हौसले बुलंद हैं।
0 टिप्पणियाँ