गौशालाओं का निर्माण कार्य नवम्बर माह के अंत तक पूर्ण करें
पशुपालन मंत्री श्री यादव ने नवीन गौशालाओं के निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
शिवपुरी | 18-सितम्बर-2019 प्रदेश के पशुपालन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने शिवपुरी जिले में नवीन निर्माण गौशालाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में स्वीकृत नवीन 30 गौशालाओं का निर्माण कार्य नवम्बर 2019 के अंत तक पूर्ण करें। जिससे दिसम्बर माह के प्रथम सप्ताह में निराश्रित गौवंश को इन गौशालाओं में रखा जा सके।
प्रदेश के पशुपालन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने उक्त आशय के निर्देश आज जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में जिले में नवीन निर्माण गौशालों की प्रगति की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बैजनाथ सिंह यादव, विधायक करैरा श्री जसवंत जाटव, विधायक पोहरी श्री सुरेश राठखेड़ा, नगर पालिका परिषद शिवपुरी के अध्यक्ष श्री मुन्नालाल कुशवाह, पूर्व विधायक श्री महेन्द्र सिंह यादव, कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी, पशुपालन विभाग के संचालक डॉ.आर.के.रोकड़े, संयुक्त संचालक पशुपालन डॉ.अशोक सिंह तोमर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच.पी.वर्मा, अपर कलेक्टर श्री आर.एस.बालोदिया सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
पशुपालन मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार के बचन पत्र में निराश्रित गौवंश के संधारण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश में 1 हजार गौशालाए खोली जा रही है। प्रदेश में 300 गौशालाओं को स्मार्ट एवं हाईटेक भी बनाया जाएगा। इन गौशालाओं के बनने से प्रदेश में डेढ़ वर्ष के अंदर कोई भी निराश्रित गौवंश सड़कों एवं खेतों पर विचरण करते हुए नहीं मिलेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2012 की पशु संगणना के आधार पर 7 लाख से अधिक गौवंश था, जो अब बढ़कर 10 लाख हो गया है।
नवम्बर माह में गौशालाएं का निर्माण कार्य पूर्ण करने वाली पंचायतें होंगी पुरस्कृत
पशुपालन मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने बताया कि जिले में 30 गौशालाए स्वीकृत की गई है। जिसमें से 22 गौशालाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है और 08 गौशालाओं का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाकर यह सभी गौशालाए नवम्बर 2019 के अंत तक पूर्ण कर ली जाए। जिससे इन गौशालाओं में निराश्रित गौवंश को रखने की व्यवस्था की जा सके। गौशालाओं के निर्माण में राशि की किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि गौशालाओं का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर युद्ध स्तर पर हर हाल में नवम्बर माह में पूर्ण करें। नवम्बर माह में गौशालाओं को पूर्ण करने वाले सरपंच एवं अधिकारियों को प्रोत्साहन राशि प्रदाय कर उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित भी किया जाएगा।
श्री यादव ने जिले में 22 गौशालाओं में संचालित निर्माण कार्य की 60 प्रतिशत प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रथम चरण के दौरान जो 30 गौशालाए ली गई है। उनके पूर्ण होने पर द्वितीय चरण में नवीन गौशालाए भी ली जाएगी। इसके लिए अभी से स्थान चिंहित करें।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने बताया कि जिले में स्वीकृत नवीन 30 गौशालाओं में से 22 गौशालाओं का निर्माण कार्य शुरू होकर 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष 8 गौशालाओं का निर्माण कार्य एक सप्ताह के अंदर शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। आपसी समन्वय एवं सहयोग से स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के निर्माण से संबंधित राशि आहरण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक के शुरू में उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉ.एम.के.तमौरी ने बताया कि जिले में वर्ष 2012 की पशु संगणना के आधार पर 25 हजार 606 गौवंश था। जो 2019 की पशु संगणना अनुसार अब बढ़कर 51 हजार 254 हो चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में 9 गौशालाओं में 1464 पशु रखे गए है।
0 टिप्पणियाँ