Music

BRACKING

Loading...

10 महीने बाद पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर लगी रोक हटी, लेकिन अब भी नहीं मिलेगा उनके हिस्से का ‘वीकली ऑफ’

 


भोपाल कोरोना संक्रमण के बीच पुलिसकर्मियों की छुट्टी और अनावश्यक आवागमन पर लगी रोक हटा ली गई है। इस संबंध में एआईजी प्रशासन ने आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस को मिलने वाले वीकली ऑफ को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है।

हालांकि, वीकली ऑफ का फायदा सिपाही से थाना प्रभारी स्तर पर ही मिलना है जो गश्त के अगले दिन ही मिलता है। कमलनाथ सरकार के ऐलान के बाद कुछ महीनों तक मप्र पुलिस को वीकली ऑफ देना शुरू किया गया था। कुछ दिनों चली नई व्यवस्था के बाद इसे गुपचुप तरीके से जिले के अफसरों ने अपने स्तर पर ही बंद कर दिया। इसके 10 महीने बाद अगस्त 2020 में शिवराज सरकार में दोबारा यह व्यवस्था शुरू हुई, जो कुछ ही दिनों में फिर उसी अंदाज में बंद कर दी गई।

रात्रि गश्त के अगले दिन ही मिलता है वीकली ऑफ

थाना स्तर पर तैनात पुलिसकर्मी की जिस रात गश्त रहती है, उसके अगले दिन वीकली ऑफ देना तय किया गया है। हालांकि, इमरजेंसी के दौरान वीकली ऑफ निरस्त कर संबंधित को ड्यूटी पर बुलाया जा सकता है। 1 दिन में 15% थाना स्टाफ वीकली ऑफ की वजह से अवकाश पर रहता है, इसलिए उस दिन 85% स्टाफ से ही ड्यूटी करवानी पड़ती है।

अन्य विभागों की तरह नहीं मिलतीं 100 छुट्टियां

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अन्य शासकीय विभाग के कर्मचारियों को सालभर में करीब 100 छुट्टियां अलग से मिलती हैं। इनमें 52 रविवार, 12 दूसरा शनिवार और करीब 36 अन्य शासकीय और ऐच्छिक अवकाश शामिल हैं। ये 100 छुट्टियां भी किसी पुलिसकर्मी को नहीं मिल पाती हैं।

यह भी विसंगति ड्यूटी ऑवर भी ज्यादा

अन्य विभागों की तुलना में पुलिसकर्मी के ड्यूटी ऑवर भी ज्यादा हैं। राजधानी में एक थाना प्रभारी को दिन में 12-13 घंटे एक्टिवली काम करना होता है। लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी, अप्रिय हालात या गंभीर अपराध होने पर ये ड्यूटी ऑवर लगातार 24 से 48 घंटे भी हो सकते हैं।

आराम से बढ़ती है कार्यक्षमता

जानकार मानते हैं कि लगातार ड्यूटी करने के कारण किसी भी व्यक्ति की कार्य क्षमता प्रभावित होती है। हफ्ते में एक दिन अवकाश का पैमाना बनाया ही इसलिए गया है, ताकि कार्यक्षमता बनी रहे। इससे उनका तनाव भी कम होता है और परिवार के साथ बिताया गया पल उन्हें एक अलग ऊर्जा प्रदान करता है।

खाली पद भरने के बाद ही मिल सकता है पुलिसकर्मी को वीकली ऑफ

दबी जुबान में अफसर इतना ही कहते हैं कि पुलिस को वीकली ऑफ दे पाना तभी मुमकिन है, जब खाली पदों पर भर्ती की जाए। हर थाने में क्षमता से बेहद कम पुलिसकर्मी पदस्थ हैं, ऐसे में वीकली ऑफ देने में परेशानी आती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ