भोपाल एक जुलाई से नई कलेक्टर गाइडलाइन को लागू करने की तैयारी पंजीयन विभाग के अफसरों ने कर ली है। इसमें प्रॉपर्टी के दाम बढ़ाने की तैयारी की गई है। प्रॉपर्टी के दाम न बढ़ जाए, इसलिए ज्यादातर लोग इन दिनों रजिस्ट्री कराने के लिए पहुंच रहे हैं। लोगों की भीड़ को देखते हुए पंजीयन विभाग के अफसरों ने भी स्लॉट की संख्या को 15 से बढ़ाकर 52 कर दिया है, यानी अब एक दिन में 624 रजिस्ट्री हो सकेंगी।
अभी तक स्लॉट की संख्या 15 होने के चलते शहर में 180 रजिस्ट्री हो पा रही थी। स्लॉट लेने के समय में बदलाव कर दिया गया है। अब सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक स्लॉट बुक किया जा सकेगा। अभी तक 4.30 बजे तक स्लॉट बुक करने का समय निर्धारित था।
शुक्रवार को शहर में 438 रजिस्ट्री हुई। जबकि इंदौर में 745, ग्वालियर 337, जबलपुर में 261 रजिस्ट्री हुई। पंजीयन विभाग के अफसरों ने बताया कि भोपाल में इस महीने अब तक 5 हजार 166 रजिस्ट्री हो चुकी हैं। इंदौर में 8 हजार 408, ग्वालियर में 3 हजार 717, जबलपुर में 3 हजार 573 रजिस्ट्री हुई हैं। इस महीने के अंतिम पांच दिन में बड़ी संख्या में लोग प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त करने के लिए पहुंच सकते हैं। इसलिए रजिस्ट्री के स्लॉट बढ़ा दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर इसकी संख्या को ओर बढ़ाया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ