Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : एनएच-46 पर पुलिस को चकमा देकर भागा महिला का प्रेमी, फिल्मी अंदाज में खेतों की ओर दौड़े तीन आरोपी; दो पकड़ाए, मुख्य आरोपी फरार

शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में एनएच-46 स्थित जैन भोजनालय पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब देवास पुलिस की गिरफ्त में चल रहे तीन युवक फिल्मी अंदाज में पुलिस को चकमा देकर फरार होने का प्रयास करने लगे। तीनों आरोपी खेतों की ओर दौड़ पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और गौ सेवकों ने पुलिस की मदद करते हुए पीछा किया, जिससे दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी लल्ला जाटव फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के मुताबिक ग्वालियर जिले के जलालपुर निवासी एक विवाहिता, जिसकी शादी देवास जिले में हुई थी और उसका एक मासूम बच्चा भी है, अपने प्रेमी लल्ला जाटव के साथ घर से चली गई थी। महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट देवास जिले के बरोठा थाना में दर्ज कराई गई थी।

जांच के दौरान देवास पुलिस ने झांसी के मोठ क्षेत्र से महिला, उसके मासूम बच्चे, आरोपी लल्ला जाटव और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया था। इसके बाद पुलिस सभी को सरकारी वाहन से देवास लेकर जा रही थी।

रास्ते में लुकवासा चौकी क्षेत्र के एनएच-46 स्थित जैन भोजनालय पर आरोपियों ने चाय पीने के बहाने पुलिस वाहन रुकवाया। चाय के बाद तीनों ने पेशाब जाने की बात कही। पुलिस ने जैसे ही उन्हें झाड़ियों की ओर जाने दिया, तीनों अचानक खेतों की तरफ दौड़ पड़े।

आरोपियों को भागता देख देवास पुलिस उनके पीछे दौड़ी। उसी दौरान वहां मौजूद गौ सेवकों की टोली और अन्य लोगों ने भी पुलिस की मदद करते हुए पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, लेकिन मुख्य आरोपी लल्ला जाटव मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद देवास पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों, महिला और उसके बच्चे को लेकर देवास के लिए रवाना हो गई। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ