कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर पोहरी एसडीएम श्री जेपी गुप्ता ने राजस्व और पुलिस के संयुक्त दल के साथ ग्राम अनभौरा में दबंगों के कब्जे से करीब 150 बीघा से अधिक जमीन, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए है, को मुक्त कराकर 64 पट्टाधारियों को सौंपी थी। उस समय दबंगों से यह लिखित बाउंड ओवर भी भरवाया गया था कि वे भविष्य में इस जमीन पर कभी कब्जा नहीं करेंगे। लेकिन कब्जा हटते ही दबंग फिर से उसी जमीन पर काबिज हो गए।पट्टाधारियों ने इसकी शिकायत पोहरी एसडीएम श्री जेपी गुप्ता के सामने की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तीन लोगों के खिलाफ जेल वारंट जारी करने के आदेश दिए हैं। जिन लोगों के खिलाफ जेल वारंट जारी किए गए हैं उनमें अशोक कुमार पुत्र इंदर सिंह जाट निवासी ग्राम अनभौरा, विनीत कुमार पुत्र जय सिंह जाट निवासी अनभौरा और जुगवीर पुत्र गजे सिंह जाट निवासी अनभौरा शामिल हैं।एसडीएम श्री जेपी गुप्ता ने कहा कि कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जनजातीय समुदाय की जमीन पर किसी भी दबंग का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ