भू-अर्जन, सीमांकन, नामांतरण एवं सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों का निराकरण सभी जिला अधिकारी नियमानुसार एवं समय सीमा में करना सुनिश्चित करें। उक्ताशय के निर्देश कलेक्टर श्री तरूण पिथोड़े ने आज कलेक्ट्रेट में सम्पन्न समय सीमा की बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सतीश कुमार एस., अपर कलेक्टर श्री जे.पी.सचान, श्रीमती तन्वी हुड्डा, श्रीमती वंदना शर्मा सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री पिथोड़े ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी एजेंसी को जमीन आवंटित करते समय यह ध्यान रखा जाए कि जितनी जमीन की आवश्यकता है उतनी ही जमीन आवंटित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि आरटीआई के अंतर्गत दी जाने वाली जानकारी भी पारदर्शिता के साथ समय सीमा में दी जाए।
जिले में आयोजित होने वाले प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री पिथोड़े ने सभी एसडीएम को अपने अपने क्षेत्र में अलग अलग दिवसों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता की समस्याएं मौके पर ही निराकृत करने को कहा। जन संवाद कार्यक्रम में जनता को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पटवारी एवं आर.आई आवश्यक रूप से उपस्थित रहें।
तालाब के कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण के संबंध में कलेक्टर श्री पिथोड़े ने नगर निगम अधिकारी एवं तहसीलदारों से जानकारी देने को कहा है। उन्होंने हरा भोपाल-शीतल भोपाल अभियान के तहत संबंधित अधिकारियों से तालाब के कैचमेंट एरिया में वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए साथ ही प्रतिदिन 4-5 किसानों से संपर्क कर उन्हें पौधरोपण के लिए प्रेरित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर श्री पिथोड़े ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने अपने कार्यालय परिसर में 10x10 के क्षेत्र में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्मित करें। उन्होंने कहा कि कार्यालयों के आसपस छोटे–छोटे पैचेस चिन्हित कर पौधारोपण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी कार्यालयों में बायोमेट्रिक मशीनें लगाने के लिए कहा ताकि कर्मचारियों की उपस्थित मशीनों के माध्यम से ही ली जा सके। कलेक्टर ने कार्यालय परिसर में धूम्रपान, गुटखा प्रतिबंधित करने को भी कहा।
खाद्य अधिकारी से गेहूँ वितरण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री पिथोड़े ने आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि शहर में संचालित फूड कार्नर, मिठाई, फल, आईस्क्रीम आदि की समय समय पर सेम्पल लेकर जांच करें और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही करें। दस्तक अभियान तथा अंधत्व अभियान की जानकारी भी कलेक्टर श्री पिथोड़े द्वारा ली जाकर आवश्यक निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए।
0 टिप्पणियाँ