Music

BRACKING

Loading...

नेगमा नदी की पुलिया से गिरी बस, तीन घायल, 20 यात्रियों को सुरक्षित निकाला


सड़क दुर्घटना: दो घंटा देरी से पहुंची क्रेन, कैंट थाना क्षेत्र की घटना, गुना से १० किमी दूर हादसा
गुना. शहर से करीब १० किमी दूर नेगमा नदी की पुलिया से एक यात्री बस पलटकर नदी में गिर गई। बस में २० लोग सवार थे। ग्रामीणों ने बस के कांच फोड़कर बाहर सुरक्षित निकाला। यात्रियों में दो बच्चे थे, जिनको सुरक्षित निकाल लिया है। इनमें से तीन लोगों को ज्यादा चोट आई हैं, जिनको डायल १०० की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
घटना सुबह ७.३० बजे घटी, लेकिन बस को नदी में से निकालने क्रेन दो घंटा देरी से पहुंच पाई। उधर, हादसे के बाद रोड के दोनों ओर वाहन चालकों का हुजूम लग गया। मौके पर कैंट टीआई मदन मोहन मालवीय पहुंचे और बस को नदी में से निकलवाकर गुना पहुंचाया। उधर, एक ट्रक चिंताहरण मंदिर के सामने गाय को बचाने के फेर में पलट गया।
दो यात्रियों के दबने की थी आशंका
मंडलोई ब्रदर्स नाम बस एमपी ०४ पीएम ०३८१ के नीचे दो लोगों के दबने की आशंका थी। बस से सभी यात्री सुरक्षित निकल आए थे, लेकिन बस से दो थैला निकले, जिनको लेने कोई नहीं आया। इससे उनके दबे रहने की आशंका बनी रही। घटना के बाद ड्राइवर, क्लीनर और कंडक्टर गायब हो गए। जब बस को क्रेन से बाहर निकाल लिया तो कुछ ग्रामीणों ने पानी में उतरकर लोगों की तलाश भी की। पर उनको पानी में कोई नहीं मिला। यह नदी सीधे मकरावदा डेम से जुड़ी है।
पुलिस की क्रेन खराब, गैस पाइप लाइन वालों की लेकर आए, तब निकाली जा सकी बस
नदी में बस गिरने की घटना के बाद पुलिस की व्यवस्थाओं की भी पोल खुलकर सामने आई। पुलिस की क्रेन खराब पड़ी है। इस वजह से डेढ़ घंटा का समय क्रेन का इंतजाम करने में बीत गया। पुलिस ने गैस पाइप लाइन वालों की क्रेन मंगवाई, इसके बाद बस को नदी में से निकाला। लोगों के अनुसार, बस अगर सुबह ८.३० वाली होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उसमें अधिक सवारी सफर करती हैं।
ग्रामीण रूटों पर दौड़ रहीं कंडम बसें
नदी में गिरी बस काफी खटारा थी। आरटीओ आफिस से इस तरह की बसों के फिटनेस परमिट जारी कर दिए जाते हैं। ग्रामीण रूट पर सबसे ज्यादा खटारा बसें दौड़ रही हैं और लोगों के लिए कभी भी आफत बन सकती हैं। इसके बाद भी परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस इन पर कार्रवाई नहीं कर रही है। उल्लेखनीय है कि नेगमा ऊमरी मार्ग से सबसे ज्यादा कर्मचारी हर दिन अप डाउन करते हैं। इनमें से कई लोग बस से भी सफर करते हैं, हादसे की आशंका रहती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ