सेना पर की गई टिप्पणी को लेकर एफआईआर और बर्खास्तगी की मांग
शिवपुरी शहर के माधव चौक पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और वन मंत्री विजय शाह का पुतला दहन किया। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक रैली निकाली और जमकर नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार पर सेना के अपमान का आरोप लगाया। कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन भाजपा नेताओं के सेना को लेकर दिए गए विवादित बयानों के खिलाफ किया गया।
विवाद की शुरुआत मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए आपत्तिजनक बयान से हुई। उन्होंने महू में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था- उन्होंने (आतंकियों ने) कपड़े उतार-उतार कर हमारे हिंदुओं को मारा और मोदी जी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेजा। अब मोदी जी कपड़े तो उतार नहीं सकते, इसलिए उनकी समाज की बहन को भेजा कि तुमने हमारी बहनों को विधवा किया है तो तुम्हारे समाज की बहन आकर तुम्हें नंगा करके छोड़ेगी। इस आपत्तिजनक बयान को लेकर एमपी हाईकोर्ट के आदेश पर मंत्री विजय शाह के खिलाफ इंदौर के मानपुर थाने में FIR दर्ज की गई थी।
वहीँ शुक्रवार को जबलपुर में सिविल डिफेंस वालंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे।...और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक...उनके चरणों में नतमस्तक है। उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए।
इन दोनों बयानों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने कहा: "देश की सेना किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, देश की संपत्ति है। देवड़ा का बयान सेना के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। भाजपा को ऐसे नेताओं को बर्खास्त करना चाहिए।" चौहान ने उप मुख्यमंत्री देवड़ा पर एफआईआर दर्ज करने और पद से निष्कासन की मांग की है। पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “सेना का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “देवड़ा-शाह माफी मांगो”, जैसे नारे लगाए।
0 टिप्पणियाँ