Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : ग्वालियर बायपास पर ई-रिक्शा एजेंसी में बवाल: कस्टमर और संचालक में मारपीट, वाहनों के शीशे फोड़े, क्रॉस एफआईआर


शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ग्वालियर बायपास पर शुक्रवार शाम एक ई-रिक्शा एजेंसी पर कस्टमर और एजेंसी संचालक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान एजेंसी परिसर में खड़े तीन वाहनों के शीशे पत्थरों से तोड़ दिए गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

फतेहपुर क्षेत्र निवासी नवीन ओझा ने बताया कि उसने गिर्राज मैरिज गार्डन के पास स्थित मिनी मेट्रो ई-रिक्शा एजेंसी से ई-रिक्शा खरीदा था। कुछ समय बाद वाहन में खराबी आ गई, जिसे ठीक कराने के लिए एजेंसी पर जमा कराया था। नवीन का आरोप है कि कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद संचालक राहुल शर्मा ने ई-रिक्शा ठीक कर वापस नहीं दिया। शुक्रवार को जब वह दोबारा वाहन लेने पहुंचा तो एजेंसी संचालक और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी।

वहीं एजेंसी संचालक राहुल शर्मा ने आरोपों को नकारते हुए बताया कि नवीन ओझा अपने कुछ साथियों के साथ एजेंसी पर आया और आते ही मारपीट व तोड़फोड़ शुरू कर दी। उनका आरोप है कि विवाद के दौरान दो ई-रिक्शा और एक आयशर मिनी ट्रक के शीशे तोड़ दिए गए। साथ ही स्टाफ के साथ भी मारपीट की गई और गल्ले में रखी नकदी निकाल ली गई।

घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों की शिकायत के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ