Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : चोरी की बाइक बरामद, पूछताछ में खुला झपटमारी का राज: बैराड पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल


शिवपुरी जिले के बैराड थाना पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिलें और झपटमारी में छीना गया सोने का मंगलसूत्र व पेंडल बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी के साथ-साथ महिला से मंगलसूत्र छीनने की वारदात भी कबूल की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई गई है।

बैराड थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के अनुसार 18 जुलाई को जरियाकलां निवासी प्रेम सिंह जाटव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जुलाई की सुबह वह अपने दोस्त मनोज जाटव के साथ बैराज माता मंदिर गया था। मंदिर के बाहर खड़ी उसकी हीरो एचएफ डीलक्स (एमपी-33 एमएस-6308) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। बाइक की कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भौराना तिराहे के पास से किशन नामदेव (22) निवासी बस स्टैंड के पीछे, बैराड को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बैराज माता मंदिर के बाहर से बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पूछताछ में झपटमारी की वारदात का भी हुआ खुलासा

थाना प्रभारी ने बताया कि 15 जुलाई को सोमबती जाटव निवासी झलवासा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई को वह अपने पति के साथ बाइक से भटनावर से झलवासा लौट रही थी। इसी दौरान दुल्हारा और झलवासा के बीच बाइक सवार दो बदमाश उसके गले से सोने का मंगलसूत्र और पेंडल (पुतरिया) छीनकर फरार हो गए थे।

चोरी की बाइक के मामले में गिरफ्तार किशन नामदेव से पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि उसने अपने साथी लल्लू नामदेव के साथ कोतवाली क्षेत्र से एक हीरो मोटरसाइकिल चोरी की थी। उसी बाइक का इस्तेमाल कर दोनों ने झलवासा के पास महिला से मंगलसूत्र और पेंडल झपट लिया था। आरोपी ने बताया कि झपटा गया जेवर उसने बिक्री के लिए अपने घर में छिपाकर रखा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र और पेंडल बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी लल्लू नामदेव की तलाश कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ