शिवपुरी जिले के पोहरी तहसील के ग्राम मचाखुर्द में स्थित प्लॉटों पर रातों-रात अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कई भू-स्वामियों ने पोहरी एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि 22 जून की रात अज्ञात लोगों ने अचानक टपरियां और झोपड़ियां खड़ी कर जमीनों पर कब्जा कर लिया। सुबह जब प्लॉट मालिक मौके पर पहुंचे तो उन्हें कब्जे की जानकारी मिली।
भटनावर निवासी मातादीन पुत्र जगदीश प्रसाद गुप्ता और उमा गुप्ता ने बताया कि उन्होंने ग्राम मचाखुर्द स्थित खसरा नंबर 313/1/2 की भूमि में से 2100 वर्गफीट का प्लॉट विधिवत रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदा था। उनका आरोप है कि 22 जून की मध्यरात्रि में अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी भूमि पर टपरियां और झोपड़ियां बनाकर कब्जा कर लिया। उन्होंने पुलिस से अतिक्रमण हटाने और कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं समसपुर निवासी राजकुमार धाकड़ और संजय कुमार धाकड़ ने बताया कि उनका भी प्लॉट इसी खसरा नंबर में स्थित है। उनके अनुसार रातों-रात हुए कब्जे के कारण उनके प्लॉट के सामने का रास्ता बाधित हो गया है, जिससे आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कब्जा हटाने की मांग की है।
इसी तरह किशनगंज निवासी राहुल नामदेव, मनीष नामदेव और भगवानलाल सोनी ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उनके प्लॉटों के सामने अवैध कब्जा कर झोपड़ियां बना दी गई हैं, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया है। शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई है कि सुनियोजित तरीके से एक ही रात में कई स्थानों पर कब्जा किया गया है।
सभी शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने शिकायतें प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में पोहरी एसडीएम जेपी गुप्ता ने बताया कि उनके पास अवैध कब्जे की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार और थाना प्रभारी को मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में यदि अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ