Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri news : पति को लापता करने और मारपीट का आरोप: नवविवाहिता ने एसपी से लगाई गुहार, ससुराल पक्ष उसी पर लगा रहा पति को गायब करने का आरोप

 शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र स्थित गौशाला निवासी एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और पति को लापता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, पीड़िता का कहना है कि उसके ससुराल वाले उल्टा उसी पर उसके पति को लापता कराने का आरोप लगा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से नरवर निवासी पूनम बाथम की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले गौशाला निवासी दीपू बाथम से हुई थी। पूनम का कहना है कि शादी के समय उसके पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन कुछ समय बाद उसकी सास, ननद और जेठ अतिरिक्त पैसों की मांग करने लगे। आरोप है कि इसके लिए उसके पति पर भी दबाव बनाया जाता था।

पीड़िता के मुताबिक, तीन दिन पहले उसका पति दीपू यह कहकर घर से निकला था कि वह घूमने जा रहा है। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है और उसका कोई पता नहीं चल सका है। पूनम का आरोप है कि जब उसने दो दिन पहले अपने पति के बारे में सास और अन्य परिजनों से जानकारी मांगी तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसके सिर पर पत्थर मार दिया गया, जिससे वह घायल हो गई और बाद में उसे घर से निकाल दिया गया।

पूनम ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुराल वाले उसके पति का पता बताने के बजाय उसी पर पति को लापता कराने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि दीपू उसके कारण गायब हुआ है, जबकि पीड़िता का कहना है कि उसे खुद अपने पति की तलाश है और वह चाहती है कि पुलिस जल्द से जल्द उसका पता लगाए।

पीड़िता ने बताया कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत देहात थाना में भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद शुक्रवार को वह अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आवेदन देकर पति का पता लगाने, ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में दहेज की मांग और प्रताड़ना से सुरक्षा दिलाने की मांग की। साथ ही उसने प्रशासन से अनुरोध किया कि उसे सुरक्षा के साथ अपने पति के साथ रहने का अवसर दिलाया जाए।


फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ