Music

BRACKING

Loading...

एक ने शादी रचाने, दूसरे ने गायब पैसों की भरपाई के लिए लूटा सरसों भरा ट्रक shivpuri news


शिवपुरी। जिले के सतनवाड़ा थाना अंतर्गत तीन दिन पूर्व ग्राम चांड के पास हुई सरसों से भरे ट्रक लूट की घटना को पुलिस ने ट्रेस कर दो लूटेरों को दबोच लिया है। दोनों से पुलिस ने लूटा गया लाखों रुपए का ट्रक व सरसों भी बरामद कर ली है। लूटेरों में से एक ने अपनी शादी के लिए, तो दूसरे ने अपने घर के गायब पैसों की भरपाई करने के लिए यह लूट की घटना कारित की थी।
जानकारी के मुताबिक दो अज्ञात बदमाशों ने 3 जून की रात करीब 8 बजे नरवर से शिवपुरी 250 बोरी सरसों भरकर आ रहे एक ट्रक को लूट लिया था। घटना में बदमाशों ने ट्रक चालक जवाहर रावत निवासी सकलपुर व क्लीनर श्याम सिंह बघेल को कट्टे की नोंक पर बंधक बनाकर पेड़ से बांध दिया था और 4 हजार रुपए चालक की जेब से व सरसों से भरा ट्रक ले गए थे। बाद में ट्रक मालिक आनंद पुत्र राजेन्द्र गिरी निवासी ग्राम ठेह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में पड़ताल की तो पता चला कि ट्रक केरउ डोंगरी रोड़ पर खड़ा है। मौके से पुलिस ने ट्रक को बरामद किया, तो उक्त दोनों आरोपी असफाक (22) पुत्र असरफ बैग निवासी किलागेट खटीक मोहल्ला नरवर व संदीप (19) पुत्र माधौ सिंह राणा निवासी रामनिवास कॉलोनी डबरा को पकड़ लिया। दोनों के पास से पुलिस ने एक देशी 315 बोर का कट्टा व 3 जिंदा राउंड बरामद किए।
पूछताछ में बदमाशों में से असफाक ने बताया कि उसकी 25 जून को शादी होनी है, इसलिए उसे रुपए की बहुत जरूरत थी। वहीं, संदीप ने बताया कि उसने अपनी मां के एटीएम में से 30 हजार रुपए गायब कर लिए थे, तो वह उसकी भरपाई करना चाहता था। इसके साथ ही उसके खर्चे भी ज्यादा थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ लूट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले को ट्रेस करने में थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर व उनकी टीम की भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ