शिवपुरी। शहर में चेल्लम का पारंपरिक पर्व अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। मंगलवार आधी रात से शुरू हुआ ताजियों का जुलूस बुधवार सुबह तक शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। ताजियों के दीदार के लिए सड़कों पर हजारों का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरी रात शहर का माहौल धार्मिक आस्था से सराबोर रहा।
इस वर्ष देहात और फिजिकल थाना क्षेत्र मिलाकर छोटे-बड़े करीब 50 ताजिए तैयार किए गए थे। जुलूस को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए झांसी, ललितपुर, गुना, साडोरा और ग्वालियर से विशेष बैंड पार्टियां बुलाई गई थीं। ढोल-ताशों और डीजे की गूंज के बीच मुस्लिम समाज के युवाओं ने पारंपरिक अंदाज में जुलूस निकाला। इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए दिल्ली, मुंबई, ग्वालियर, झांसी, श्योपुर और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में लोग शिवपुरी पहुंचे।
सभी ताजिए सुबह माधव चौक पहुंचे, जहां से दोपहर 1:30 बजे हुसैन टेकरी होते हुए उन्हें पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करबला में विसर्जित करने ले जाया गया। आयोजन के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

0 टिप्पणियाँ