शिवपुरी। बदरवास कस्बे स्थित बीआरसी भवन के पास खाद के टोकन वितरण के दौरान सोमवार को भारी हंगामा हो गया। टोकन लेने के लिए लगी लंबी कतार में आगे घुसने को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान एक युवक के साथ जमकर मारपीट की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में पीड़ित की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टोकन छीनने का विरोध करने पर की पिटाई जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह से ही बीआरसी भवन के पास खाद के टोकन लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ जमा थी। बिजरौनी निवासी पीड़ित विवेक यादव भी लाइन में खड़ा था। विवेक का आरोप है कि कतार में आगे घुसने की कोशिश कर रहे रघुवीर परिहार, ऋषभ परिहार, राज परिहार और सतीश परिहार ने उससे टोकन छीन लिए। जब उसने इसका विरोध किया, तो चारों युवकों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, 4 पर एफआईआर दर्ज मारपीट के दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित विवेक यादव ने बदरवास थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रघुवीर, ऋषभ, राज और सतीश परिहार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
व्यवस्था पर उठे सवाल घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। खाद टोकन वितरण केंद्र पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम न होने के कारण आए दिन इस तरह की स्थितियां निर्मित हो रही हैं। बदरवास थाना पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


0 टिप्पणियाँ