भोपाल ग्वालियर में लगने वाले करीब 115 वर्ष पुराने श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेले के आयोजन को लेकर मंगलवार को कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ एवं ऑटोमोबाइल व्यावसायियों ने भोपाल आकर मंत्र ओमकाश सकलेचा से मुलाकात की। कैट पदाधिकारियों ने मंत्री सकलेचा से शीघ्र ही मेला लगाने की शुरुआत करने का अनुरोध किया।
कैट के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने बताया कि पूर्व में मेले की तिथि 15 जनवरी बताई गई थी, किंतु अभी तक आयोजन की तैयारियां प्रारंभ नहीं हुई है। इसे लेकर संशय बना हुआ है। इसके चलते मंगलवार को मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, ऑटोमोबाइल व्यावसायी एवं कैट के प्रदेश महामंत्री मुकेश अग्रवाल, संजय गर्ग, रामस्वरूप शिवहरे, अविचल जैन, मेला व्यापारी संघ के संयोजक उमेश उप्पल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल पुनियानी, उपाध्यक्ष कल्लू पंडित के साथ मिलकर मंत्री सकलेचा से उनके निवास पर भेंट की। मंत्री सकलेचा ने आशवस्त किया है कि कोविड के कारण शासन सारी तैयारियां कर रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शीघ्र ही मेला आयोजन को लेकर घोषणा करेंगे। उन्होंने बताया कि मेला शत-प्रतिशत लगेगा। चूंकि, आम नागरिकों के जीवन की चिंता है। इसलिए मेला पूरी सुरक्षा और सावधानी से लगाएंगे।कोविड-19 को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
विधान सभा के सामयिक अध्यक्ष और राजस्व मंत्री से भी मुलाकात की
व्यापारियों के इस प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मध्यप्रदेश विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा से भी मुलाकात की। इस दौरान आरटीओ टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट देने की मांग की गई।

0 टिप्पणियाँ