नहीं आ रहे अच्छे दिन:इस महीने 9वीं बार महंगे हुए पेट्रोल-डीजल, दिल्ली में पेट्रोल 92.58 और डीजल 83.22 रुपए लीटर हुआ
आज एक बार फिर सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए हैं। रविवार को दिल्ली में पेट्रोल 24 पैसे महंगा होकर 92.58 और डीजल 27 पैसे महंगा होकर 83.22 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। राजस्थान में पेट्रोल 103 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है। जो अब तक का सबसे महंगा है।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम
| शहर | पेट्रोल (रुपए/लीटर) | डीजल (रुपए/लीटर) |
| श्रीगंगानगर | 103.52 | 95.99 |
| अनूपपुर | 103.21 | 93.98 |
| परभणी | 101.25 | 91.30 |
| भोपाल | 100.63 | 91.59 |
| जयपुर | 99.02 | 91.86 |
| मुंबई | 98.88 | 90.40 |
| दिल्ली | 92.58 | 83.22 |
इस महीने पेट्रोल 2.21 और डीजल 2.22 रुपए महंगा हुआ
पिछले दो महीने से देश के 5 राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने के कारण इनके दामों में बढ़ोतरी नहीं की गई लेकिन 2 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से ही इनके दाम फिर बढ़ने लगे हैं। चुनाव के बाद 9 दिनों में ही दिन में पेट्रोल 2.21 और डीजल 2.22 रुपए महंगा हुआ है। 4 मई से लेकर अब तक पेट्रोल-डीजल के दाम 9 बार बढ़े हैं।
हमारे देश में पेट्रोल-डीजल इतना महंगा क्यों है?
हमारे देश में पेट्रोल-डीजल का बेस प्राइज तो अभी 33 रुपए के करीब ही है। लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें इस पर टैक्स लगाकर इसे 100 रुपए पर पहुंचा देती हैं। इस पर केंद्र सरकार 33 रुपए एक्साइज ड्यूटी वसूल रही है। इसके बाद राज्य सरकारें इस पर अपने हिसाब से वैट और सेस वसूलती हैं, जिसके बाद इनका दाम बेस प्राइज से 3 गुना तक बढ़ गया है। ऐसे में बिना टैक्स में राहत दिए पेट्रोल के दाम कम कर पाना मुमकिन नहीं है।
पेट्रोल डीजल की कीमत में टैक्स का गणित
| पेट्रोल/लीटर | डीजल/लीटर | |
| बेस प्राइज | 34.19 | 36.32 |
| किराया | 0.36 | 0.33 |
| केंद्र का टैक्स | 32.90 | 31.80 |
| डीलर कमीशन | 3.77 | 2.58 |
| राज्य का वैट | 21.36 | 12.19 |
| कुल कीमत | 92.58 | 83.22 |
नोट: ये आंकड़े 16 मई को दिल्ली में पेट्रोल-डीजल की कीमत के हिसाब से हैं।
दुनिया में पेट्रोल का औसत भाव 84.83 रुपए/लीटर
भारतीय रुपए के हिसाब से दुनिया में पेट्रोल की प्रति लीटर औसत कीमत 84.83 रुपए है। भारत में सबसे सस्ता पेट्रोल 85.23 रुपए लीटर अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में हैं। दिल्ली में इसकी कीमत 91.80 रुपए लीटर है, यानी भारत में दुनिया के औसत भाव से भी पेट्रोल महंगा है।

0 टिप्पणियाँ