प्रदेश के सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन और जिले में कोविड प्रबंधन की समीक्षा व अनुश्रवण के प्रभारी मंत्री डॉ.अरविंद सिंह भदौरिया द्वारा आज वर्चुअल बैठक के माध्यम से जिला क्राईसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों से चर्चा की गई जिसमें कोरोना कर्फ्यू के प्रतिबंधों में छूट के साथ एक जून से अनलॉक के संबंध में जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सभी सदस्यों से चर्चा कर सुझाव लिए गए। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में कोविड-19 संक्रमण की दर में कमी को दृष्टिगत रखते हुए कोरोना कर्फ्यू के प्रतिबंधों के संबंध में जारी पूर्व आदेशों को अधिक्रमित करते हुए नवीन दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जो एक जून 2021 से प्रभावशील होंगे। राज्य शासन के निर्देशानुसार इन निर्देशों को आज जिले के सभी ग्राम, वार्ड और ब्लॉक क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप्स को प्रेषित कर उनसे सुझाव और सहमति प्राप्त की गई। इसी क्रम में जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों से भी चर्चा कर सुझाव प्राप्त किए गए। जिला प्रशासन द्वारा इन सभी सुझावों का समावेश करते हुए जिले के लिए नवीन गाइड लाइन का प्रस्ताव तैयार कर गृह विभाग को भेजा जाएगा, जहां से अनुमोदन के उपरांत जिले के लिए अनलॉक की गाइड लाइन के संबंध में धारा 144 के तहत निर्देश जारी किए जाएंगे। बैठक में जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन, विधायकगण सर्वश्री सोहन वाल्मीकी, कुंवर कमलेश शाह, सुनील उईके, सुजीत चौधरी और निलेश उईके, जिला पंचायत की प्रशासनिक समिति की प्रधान श्रीमती कांता ठाकुर, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह व श्री नाना भाऊ मोहोड़, पूर्व विधायक पं.रमेश दुबे, श्री ताराचंद बावरिया व श्री नत्थन शाह कवरेती, सर्वश्री विवेक साहू, रमेश पोफली, विश्वनाथ ओक्टे, आशुतोष डागा, दौलत सिंह ठाकुर व विजय झांझरी सहित अन्य सभी सदस्य, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव उईके, एसडीएम श्री अतुल सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अजीत तिर्की, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, डीन डॉ.गिरीश बी.रामटेके सहित संबंधित अधिकारी और जिला क्राईसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष से शामिल हुए, जबकि ब्लॉक क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य, सभी एसडीएम व विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। बैठक में राज्य शासन द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के तहत राज्य के सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिबंधित गतिविधियों से संबंधित परिशिष्ट-एक और सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिबंध से मुक्त/अनुमत्य गतिविधियों से संबंधित परिशिष्ट-2 में उल्लेखित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी से सदस्यों को अवगत कराया गया। साथ ही कोविड प्रोटोकॉल तथा कोविड उपयुक्त व्यवहार से संबंधित परिशिष्ट-4 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इन निर्देशों के अतिरिक्त बैठक में चर्चा के दौरान सामने आए विषयों पर एक-एक कर चर्चा की गई और सुझाव लिए गए, जो जिला प्रशासन द्वारा अपने प्रस्ताव में समाहित कर शासन को प्रेषित किए जाएंगे। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ.भदौरिया ने वर्तमान में जिले में केवल 100 से कम एक्टिव केस शेष रहने और रेड ज़ोन मुक्त होने पर जिला प्रशासन की पूरी टीम, जनप्रतिनिधियों और जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सभी सदस्यों से कहा कि हम सभी स्व-अनुशासित रहते हुए और लोगों में स्व-अनुशासन का भाव जागृत करते हुए अनलॉक के दौरान भी अपनी पूरी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन, पुलिस, डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ के साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों और आम जन के सहयोग से ही हम कोरोना को आगे भी नियंत्रण की स्थिति में रख सकते हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि अपने संदेशों और वीडियो अपील के माध्यम से अपने क्षेत्र के लोगों को इस संबंध में जागरूक करें कि कोरोना अभी केवल नियंत्रित हुआ है, खत्म नहीं। इसीलिए हमें कोरोना प्रोटोकॉल और कोविड एप्रोप्रियेट व्यवहार का पालन जारी रखते हुए कामकाज करने होंगे। बैठक में कलेक्टर श्री सुमन द्वारा जिले के सभी लोगों को टीकाकरण का लाभ दिलाने के लिए उनकी भ्रांतियों को दूर करने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि खनन कामगारों के साथ ही ऐसे सभी समूह जो निरंतर कार्यरत हैं और अपनी सेवाएं दे रहें हैं, उनके लिए टीकाकरण के विशेष कैंपों का आयोजन कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने कहा कि अब हम अनलॉक की तरफ बढ़ रहे हैं, तो चुनौती अब और भी ज्यादा है। पुलिस अपना काम करेगी, लेकिन आम जनता से भी स्व-अनुशासित रहकर प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की आवश्यकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी समय में भी जिले की जनता के स्वास्थ्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होंगे देंगे और लापरवाहों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। |

0 टिप्पणियाँ