पीएम मोदी के कार्यकाल को सात साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जिले में भी करीब दो सौ जगह समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रम किए गए। इस दौरान जिला मुख्यालय पर भी कई जगह छोटे-बड़े आयोजन हुए। इसमें सबसे खास बात यह थी कि जिले में भाजपा में कथित तौर पर चल रही अंदरुनी गुटबाजी अप्रत्यक्ष रूप से नजर आई।
सांसद, पूर्व एमएलए, नगर परिषद सभापति आदि अपने अपने समर्थकों के साथ अलग-अलग कार्यक्रम में नजर आए। जिले में भाजपा की राजनीति में वर्चस्व रखने वाले इन नेताओं को अलग-थलग देख कर एक बार फिर लोगों में भाजपा में चल रही गुटबाजी को लेकर चर्चा देखने को मिली।
ज्ञात रहे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के सात साल पूरे होने के उपलक्ष्य में अन्य जिलों की तरह जिले में भी कई सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसमें अस्पताल में फल वितरण से लेकर गायों को चारा डालना, गरीब लोगों को भोजन कराना आदि समाज सेवा से जुड़े कार्य किए गए थे, लेकिन जैसा कि पहले से ही लोग कयास लगा रहे थे कि भाजपा के अंदर चली आ रही गुटबाजी के चलते जिले के प्रमुख नेता एक साथ नजर नहीं आएंगे। रविवार को यह सब देखने को मिला। सांसद से लेकर सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया से लेकर पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, पूर्व नगर परिषद सभापति गणेश माहुर, आज ही अपने अपने समर्थकों के साथ अलग-अलग कार्यक्रम में नजर आए। इसको लेकर मीडिया से लेकर कार्यक्रम को देखने वाले भी दिन भर भाजपा में अंदरूनी कलह के कयास लगाते रहे।
सांसद जौनपुरिया के साथ यह नेता रहे मौजूद
सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया द्वारा ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराना, भाजपा नेता नरेश बंसल, पूर्व नगर परिषद सभापति लक्ष्मी जैन, भाजपा नेता रामचंद्र गुर्जर आदि मौजूद थे।
पूर्व टोंक विधायक मेहता के साथ यह रहे मौजूद
पीएम मोदी का सात साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष में टोंक के पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता भी अपने समर्थकों के साथ अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान उनके साथ दीपक संगत, शैलेंद्र जैन, गुड्डू खटीक आदि मौजूद थे।
वसुंधरा जन रसोई में यह रहे मौजूद
पीएम मोदी के सात साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष में भाजपा के द्वारा कई जगह पर नहीं तरह के समाज सेवा से जुड़े कार्य किए गए। आज ही के दिन रविवार को पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के समर्थक को की ओर से भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में चलाई जा रही वसुंधरा जन रसोई कार्यक्रम की शुरुआत जिला मुख्यालय पर को गई। कार्यक्रम में पूर्व नगर परिषद सभापति गणेश माहूर महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिना जमुनिया राजेश शर्मा रामदयाल गुनावत आदि मौजूद रहे।
ढाई सौ जगह कार्यक्रम हुआ है, सब जगह जाना संभव नहीं है
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराना ने बताया कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। सभी एकजुट हैं। पार्टी नेतृत्व से भी निर्देश दे थे कि लॉकडाउन की पालना करते हुए अलग-अलग जगह कार्यक्रम करें ताकि लोग एक जगह एकत्रित नहीं हों। रही बात वसुंधरा जन रसोई की शुरुआत कार्यक्रम की तो मैं अन्य जगह के कार्यक्रमों में था। सभी जगह को एक व्यक्ति पहुंच नहीं सकता। इसलिए सभी कार्यकर्ता- पदाधिकारी अपने-अपने हिसाब से समाज सेवा का कार्य के रहे थे।

0 टिप्पणियाँ