Music

BRACKING

Loading...

दतिया : रात में चकमा देकर दीवार फांदकर भागा तस्कर; 11 घंटे बाद 30KM तक पीछा कर सिकंदरा से पकड़ा, SP ने SI और दो कांस्टेबल को सस्पेंड किया


 

दतिया में गुरुवार रात पुलिस लॉकअप से आरोपी के भागते ही हड़कंप मच गया। आरोपी आर्म्स एक्ट में बंद था। रात में उसने तबीयत खराब होने की बात कही तो उसे लॉकअप के बाहर बिठा दिया गया। मौका पाकर आरोपी फरार हो गया। 11 घंटे बाद आरोपी को पुलिस ने 30 किलोमीटर दूर शिवपुरी-झांसी हाइवे स्थित सिकंदरा बैरियर के पास से गिरफ्तार किया। पूरे मामले में SP ने दो कॉन्स्टेबल और एक SI सहित तीन को निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन पुलिस ने करीब ढाई साल से तस्करी के मामले में स्थाई वारंटी सिजौरा गांव निवासी राहुल पिता अशोक अहिरवार को गुरुवार शाम गिरफ्तार किया। आरोपी को लाॅकअप में बंद कर दिया गया। रात में उसने कहा कि उसकी तबीयत खराब है। इसके बाद उसे लाॅकअप से निकालकर हाथकड़ी लगाकर थाने के अंदर ही बैठा दिया गया। रात करीब साढ़े तीन बजे आरोपी राहुल ने चुपके से हथकड़ी खिसकाई और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने के पीछे बाउंड्री फांदकर भाग निकला। कुछ देर बाद जब पुलिसकर्मियों की नजर जब हथकड़ी पर पड़ी तो उन्होंने खोजबीन शुरू की।

जानकारी के बाद SP ने मामले की जांच SDOP सुमित अग्रवाल को सौंपी। SDOP के जांच रिपोर्ट के बाद SP ने दोपहर में सिविल लाइन थाने में नाइट ड्यूटी पर तैनात SI रमेशचंद्र त्रिपाठी, कॉन्स्टेबल गोविंद प्रताप और भगवत शर्मा को निलंबित कर दिया। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए TI राकेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना हुई। 11 घंटे बाद आरोपी को सिकंदरा बैरियर के पास खड़ा देखा गया। इसके बाद पुलिसकर्मी संजेश यादव, विजय गिरी, विवेक शर्मा, केडी राय, विवेक शर्मा, गोविंद प्रताप और हेमंत प्रजापति ने चारों तरफ से घेराबंदी कर पकड़ लिया।

आरोपी दोबारा पुलिस की गिरफ्त में
दतिया ASP कमल आर्य ने बताया कि SP ने सिविल थाने में पदस्थ अधिकारियों को अपराधी को जल्द पकड़ने के आदेश दिए थे। 12 घंटे में ही आरोपी को पकड़कर लॉकअप में बंद कर दिया गया है। टीम ने उसे शिवपुरी बॉर्डर पर स्थित सिकंदरा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ