शिवपुरी - शिवपुरी के फिजिकल थाना अंतर्गत करबला पुल के पास देर रात नगर पालिका में कार्यरत सफाईकर्मी का शव लावारिश हालत में पड़ा मिला। सफाईकर्मी की किसी अज्ञात व्यक्ति ने रस्सी या तार से गला घोंटकर हत्या की है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि करबला के पुल के पास एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाश बरामद की। मृतक के हाथ पर लिखे नाम के आधार पर उसकी पहचान विनोद पुत्र अशोक खरे के रूप में की गई है। मृतक शाम को घर से निकला था, घटना के कारणों का अभी खुलासा नही हो पाया है। विनोद की पोस्टिंग फिजिकल क्षेत्र में थी और अब पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिरी बार विनोद किसके साथ था और क्या कर रहा था।
फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि रात को सफाईकर्मी का शव करबला पुल के पास मिला है। मृतक को गला दबा कर मारा गया है। मामले की हर पहलू पर जांच कर रहे हैं। जल्द मामले को खुलासा करने का प्रयास करेगें।
0 टिप्पणियाँ