जम्मू-कश्मीर में गृहमंत्री अमित के दौरे के बीच सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ भी जारी है। रविवार को पुंछ के भाटा धूरियां इलाके में रविवार को हुई मुठभेड़ में लश्कर ए तैयबा (LeT) के पाकिस्तानी आतंकी की मौत हुई है। उसका नाम जिया मुस्तफा बताया जा रहा है। वह 2003 से कोर्ट बहलावल जेल में बंद था।
कश्मीर मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में 2 पुलिसकर्मी और सेना का 1 जवान घायल हुआ है। जिया को एक ठिकाने की पहचान करने ले जाया गया था। यहां कुछ दिन पहले हुई फायरिंग में सेना के 3 जवान और एक JCO शहीद हुए थे। जिया के पहुंचने पर भी आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुस्तफा भी इस हमले में घायल हो गया था। फायरिंग के कारण उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका और उसकी मौत हो गई।
CRPF के जवानों पर आतंकी हमला, सेब विक्रेता की मौत
आज आतंकियों ने शोपियां के जैनापोरा में CRPF के जवानों पर हमला किया। इसके बाद CRPF के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और क्रॉस-फायर में एक कश्मीरी नागरिक की मौत हो गई। नागरिक की पहचान सेब विक्रेता शहिद एजाज के तौर पर हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, मामला सुबह 10.30 बजे का है।
पिछले एक महीने में घाटी में 11 नागरिकों की जान गई है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इन 11 नागरिकों में से 5 बिहार के थे, जबकि बाकी तीन कश्मीर में अल्पसंख्यक समुदाय के थे। इनमें दो शिक्षक शामिल थे।
14 दिन से जारी है सर्च ऑपरेशन
अधिकारियों के मुताबिक, पूंछ में 14 दिन से सैन्य ऑपरेशन चल रहा है। रविवार सुबह यहां के जंगल में आतंकियों ने सेना और पुलिस की एक जॉइंट सर्च पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद से ही दोनों तरफ से मुठभेड़ जारी है।
गृहमंत्री के दौरे का आज दूसरा दिन
अमित शाह तीन दिन के जम्मू-कश्मीर दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने घाटी में सुरक्षा व्यवस्था और आतंक का खत्म करने के लिए सुरक्षाबलों की कार्रवाई का जायजा लिया था। रविवार को उनके दौरे का दूसरा दिन है।
0 टिप्पणियाँ